68500 Teacher Recruitment: उत्तर प्रदेश में 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने शंख बजाते हुए नारेबाजी की और अपनी समस्याओं की ओर सरकार का आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम के आवास के बाहर ‘केशव चाचा बाहर आओ’ के नारे लगाए। अभ्यर्थी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लागू करने और भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आयोग के निर्देशों के बाद भी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की गई है। जिसके चलते अभ्यर्थियों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि साल 2018 में हुई 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उनका आरोप है कि दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत छूट का लाभ नहीं मिला। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक आरक्षण विसंगति दूर कर प्रभावित उम्मीदवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी मांग जारी रहेगी। इसी अनियमितता को लेकर अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसी बीच उपमुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाया और इको गार्डन भेज दिया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें