Shiva Sharma Case: राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा स्थित एक अपार्टमेंट की चैथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस बुधवार को तीनों आरोपियों को नागपुर से लेकर लखनऊ पहुंची। तीनों आरोपियों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया, जहां पुलिस उनसे पूछताछ करेगी और बयान दर्ज करेगी। इसके बाद मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होगी और फिर तीनों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस, उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और नागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को तीनों आरोपियों श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने तीनो की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। बुधवार को आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए नागपुर अदालत में पेश किया गया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुई थी।
कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी कराया था। श्रद्धा दुबे के लगातार लोकेशन के चलते पुलिस को गिरफ्तारी में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद यूपी एसटीएफ को आरोपियों की खोजबीन में लगाया गया। सोमवार रात पुलिस को आरोपियों की लोकेशन नागपुर में मिली। जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ लगभग 2,200 किमी की यात्रा कर कई होटल और लॉज में ठहरी। पुलिस टीम को जब उसके ठिकाने का पता चलता था, कुछ घंटे पहले तीनों वहां से भाग निकलते थे। इस तरह वह लगभग दस दिनों तक पुलिस को चकमा देते रहे। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के बाद तीनों के नेपाल भागने की आशंका जताई गई थी। जांच के दौरान उनकी गाड़ी के बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार श्रद्धा दुबे नेपाल के बुटवल स्थित एक होटल में भी ठहरी थी। अब लखनऊ में पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें