उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य में सिपाही के 32,679 पदों पर भर्ती के लिए 8, 9 और 10 जून को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में करीब 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए भर्ती बोर्ड और गृह विभाग ने सभी 75 जिलों के परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
भर्ती बोर्ड ने जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, परीक्षा केंद्र प्रभारियों और नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। जिन परीक्षा केंद्रों पर कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को रोकना है।
भर्ती बोर्ड के निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को केवल कुछ निर्धारित वस्तुओं के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
अनुमति प्राप्त वस्तुएं:
- प्रवेश पत्र
- आधार कार्ड
- नीली स्याही का पेन
- काली स्याही का पेन
इसके अलावा किसी अन्य वस्तु को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की ई-केवाईसी और आइरिश जांच की जाए। इस प्रक्रिया का उद्देश्य अभ्यर्थियों की पहचान का सत्यापन करना और फर्जी अभ्यर्थियों की संभावना को समाप्त करना है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को कलावा और मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों को पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से नहीं रोका जाएगा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
महिला उम्मीदवारों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया गया है कि उनकी जांच केवल महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा ही की जाए। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए भर्ती बोर्ड ने ब्लूटूथ डिवाइस, मेटा स्मार्ट ग्लास, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। इतना ही नहीं, परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारी भी किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र के भीतर नहीं जा सकेंगे।
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम से उनकी कनेक्टिविटी, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की। इसके अलावा पेयजल, शौचालय और गर्मी को देखते हुए टेंट जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें