UPSSSC PET Exam 2026: राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पीईटी परीक्षा के लिए शहर में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा और आवागमन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही यात्रा की योजना पहले से बना लें ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की असुविधा न हो सके।
रविवार को होने वाली परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शुरू होगी जो शाम 5 बजे संपन्न होगी। राजधानी लखनऊ में कुल 1,14,912 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में बिहार और दूसरे जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों के मद्देनजर परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया गया है। अवध बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को परिवहन सेवाओं का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों और बिहार से अभ्यर्थी परीक्षा देने लखनऊ पहुंचेंगे।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशनों से एसी जनरथ और साधारण बसें 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। बसों में सीटों की बुकिंग ऑनलाइन भी कराई जा सकेगी। आंकड़ों के मुताबिक बिहार से 10,122 अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे। अंबेडकरनगर से 11,888, बलिया से 13,656, बाराबंकी से 23,915, हरदोई से 21,109 और रायबरेली से 18,540 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त गोरखपुर से 5,573, बस्ती से 3,000 और लखीमपुर खीरी से 2,096 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। लखनऊ से 845 परीक्षार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें