आजम खां विवाद पर अखिलेश यादव ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, बोले - सपा उनके साथ है, जमानत के लिए करेंगे हर संभव प्रयास
जेल में सपा प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात से आजम खान के इनकार करने पर सपा अध्यक्ष ने भी पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा उनके साथ है।
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। आजम खान विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा उनके साथ है। वहीं, जेल में सपा प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात से आजम खान के इनकार करने पर सपा अध्यक्ष ने भी पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आजम खां को लेकर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
जेल में सपा प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात से आजम खान के इनकार करने पर सपा प्रमुख ने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान की जमानत के लिए समाजवादी पार्टी हर संभव कोशिश करेगी। अखिलेश यादव की ये प्रतिक्रिया ऐसे वक्त में आई है जब आजम खान को लेकर विवाद लगाता बढ़ता जा रहा था।
आजम खां के प्रभारी क्या बोले
पिछले दिनों सपा विधायक आजम खां के द्वारा पार्टी से नाराजगी की लगातार खबरें आ रही थी। इस मामले में रामपुर में आजम खां के प्रभारी फसाहत खान उर्फ शानू ने बयान दिया था। तब उन्होंने अखिलेश यादव पर बड़े आरोप लगाये थे और कहा था कि वे नहीं चाहते कि आजम खान जेल से बाहर आएं। उन्होंने बताया था कि वह खुद आजम खान की मशावरती काउन्सिल का सदस्य होने के नाते पांच बार अखिलेश यादव से मिले, लेकिन अखिलेश यादव ने आजम खान की मदद करने से मना कर दिया।
आजम खां से मुलाकात का के बाद बोले थे शिवपाल यादव
इसके बाद अखिलेश यादव से नाराज चाचा शिवपाल यादव ने भी जेल में जाकर आजम खां से मुलाकात की थी। तब उन्होंने कहा था कि उचित समय आने पर राजनैतिक निर्णय लिया जाएगा, अभी कहना जल्दबाजी है। आजम के लिए सपा को संघर्ष और आन्दोलन करना चाहिए था। लेकिन नहीं हुआ ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।