अयोध्या महोत्सव के लिए भूमि पूजन, 29 दिसंबर को दुरदुरिया के बाद होगी शुरुआत; कन्या पूजन से लेकर न्यू ईयर नाइट तक का प्रोग्राम
इस अवसर पर महोत्सव के मुख्य संयोजक और अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने भूमि पूजन किया। महोत्सव की शुरुआत 29 दिसंबर से होगी।
अयोध्या महोत्सव के लिए भूमि पूजन राजकीय पॉलिटेक्निक के पास स्थित फार एवर लॉन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इस अवसर पर महोत्सव के मुख्य संयोजक और अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने भूमि पूजन किया। महोत्सव की शुरुआत 29 दिसंबर से होगी।
महोत्सव प्रतिभाओं को एक मंच देता है: वेद गुप्ता
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या महोत्सव जनपद ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण भारत की विभिन्न विधाओं के कलाकारों, साहित्यकारों, चित्रकारों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और अन्य विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है। विधायक अमित सिंह चौहान ने कहा कि महोत्सव में मर्यादा और आदर्शों को समाहित करती अयोध्या की संस्कृति का जीवंत दर्शन होता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम तन-मन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देते
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि हमारी संस्कृति, संस्कार और परम्पराओं के संरक्षण के लिए इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह ने कहा कि लोक कलाएं और लोक परम्पराओं को दर्शाते सांस्कृतिक कार्यक्रम तन मन को मनोरंजन देने के साथ हमें आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देते है।
अयोध्या महोत्सव को लगातार मिल रहा जन समर्थन: हरीश
अयोध्या महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि हमारी लोक संस्कृति, परम्पराओं, जीवन शैली के विभिन्न रंगों को अपने भीतर समाहित करते अयोध्या महोत्सव को लगातार मिल रहा जन समर्थन इसकी सफलता का परिचायक रहा है।
दुरदुरिया के बाद शुरू होगा महोत्सव
हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या महोत्सव की शुरुआत 29 दिसंबर को फार एवर लान में दुरदुरिया पूजन से होगी। इसके बाद संत पूजन व भजनमृत का आयोजन होगा। 30 दिसम्बर को कन्या पूजन, रक्षक अभिनंदन समारोह, 31 को विशाल दंगल, अयोध्या आयडल, डीजे नाइट, 1 जनवरी को अयोध्या आयडल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, न्यू ईयर नाइट, 2 जनवरी को कला साधक समारोह, अवध में राम, कवि सम्मेलन, तीन जनवरी को अयोध्या आयडल, लोककला चैम्पियनशिप, कामेडी नाईट, चार जनवरी को अयोध्या प्रतिभा सम्मान समारोह, अयोध्या आइडल, भोजपुरी सिने अवॉर्ड का आयोजन किया जायेगा।
5 जनवरी को कलारंग धूमों अयोध्या, आपदा प्रबन्धन, फिटनेश प्रो चैम्पियनशिप, 6 को किसान गोष्ठी, अयोध्या आयडल, फोक अवार्ड शो, 7 से संस्कार युवा कुम्भ, मिस्टर एण्ड मिसेज कल्चर इंडिया व 8 जनवरी को सम्मान समारोह अयोध्य आयडल का आयोजन किया जायेगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री अश्वनी चौबे उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ. विक्रमा पाण्डेय, रवि तिवारी, आकाश अग्रवाल, अरुण द्विवेदी, नाहिद कैफ, रेणुका रंजन श्रीवास्तव, बलवीर सिंह, विवेक पाण्डेय, विजय यादव, एसबी सागर, मोहित मिश्रा, रणजीत यादव, राजन श्रीवास्तव, दिनेश कुमार, पूजा अरोड़ा, ऋचा उपाध्याय, सुचि श्रीवास्तव, राजेश गौड़ उपस्थित रहे।