बाराबंकी: ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर किया हमला, बोले- भाषा पर नियंत्रण खो बैठे हैं, भाजपा कार्यकर्ताओं से 2024 की तैयारियां करने को कहा
उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में जो काम प्रदेश में नहीं हो सके, वह सभी काम केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में हो रहे हैं।
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा के पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों से 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में जो काम प्रदेश में नहीं हो सके, वह सभी काम केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में हो रहे हैं। हमें यह संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया। जिसमें उन्होंने ब्रजेश पाठक को बीमार बताया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पूरी तरह से डीरेल हैं। अखिलेश यादव कब क्या कहेंगे, उनका अपनी भाषा से पूरी तरह से नियंत्रण खो चुका है। उन्हीं की तरह ही समाजवादी भी दिग्भ्रमित है।
मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया होगी शुरू
ब्रजेश पाठक ने कहा कि बाराबंकी जिले को पूरे प्रदेश में इस बात का गौरव हासिल है कि वह लखनऊ का हिस्सा है। ऐसे में सरकार बाराबंकी को सर्वश्रेष्ठ जनपद के रूप में स्थापित करेगी। स्वास्थ्य के साथ ही सभी विकास योजनाएं समय से पूरी कराई जाएंगी। इसके अलावा जिले में हाईवे पर स्थित अस्पताल की समीक्षा की है। आने वाले समय में वहां सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरकार मेडिकल कॉलेज बना रही है। जिन 14 जिलों में अभी काम नहीं शुरू हुआ है। वहां भी जल्द ही मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।