बाराबंकी: युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, बोले-नॉर्मल थी जांच रिपोर्ट, डॉक्टर ने भर्ती करने के लिए दी दवाइयों की ओवरडोज
परिजनों ने बताया, "डॉक्टर ने चेक करने के बाद विनोद को अस्पताल में भर्ती कर लिया। भर्ती होने के बाद विनोद ने इसकी जानकारी हमें दी। इसके बाद हम भी अस्पताल पहुंच गए।"
बाराबंकी में गर्दन दर्द का इलाज कराने पहुंचे युवक की मौत हो गई। युवक के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर हत्या का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के राजकमल रोड पर स्थित मंगलम हॉस्पिटल का है। यहां पर बुधवार शाम हैदरगढ़ क्षेत्र के विनोद कुमार शुक्ला गर्दन दर्द का इलाज कराने के लिए आए थे। परिजनों ने बताया, "डॉक्टर ने चेक करने के बाद विनोद को अस्पताल में भर्ती कर लिया। भर्ती होने के बाद विनोद ने इसकी जानकारी हमें दी। इसके बाद हम भी अस्पताल पहुंच गए।"
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने सभी जांच कराई, जो नॉर्मल थी। इसके बाद इनको अस्पताल में रोकने के लिए काफी ज्यादा दवाई खिला दी गई। इससे विनोद की तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
अस्पताल के संचालक डॉ. आरएस गुप्ता का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर थी। उसका इलाज किया जा रहा था। मरीज की मौत का हमें भी दुख है। लेकिन गलत दवाई खिलाने से मौत नहीं हुई है यह आरोप गलत है। पुलिस का कहना है जांच पड़ताल की जा रही है।