बाराबंकी पहुंची भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह, महिला पहलवानों को लेकर कही ये बात
अक्षरा सिंह बोलीं- पूरा देश उनके साथ, भोजपुरी इंडस्ट्री में बढ़ रहे सुसाइड केस पर भी दी प्रतिक्रिया
देश के चर्चित पहलवानों के धरने-प्रदर्शन और आरोपों पर भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, ''मैं महिला पहलवानों के साथ हूं। पूरा देश उनके साथ है, तो मैं उनके साथ क्यों न खड़ी हूं।'' बाराबंकी पहुंची अक्षरा सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री में बढ़ रहे सुसाइड के मामलों पर भी खुलकर अपने विचार रखे।
इन दिनों बाराबंकी में भोजपुरी फिल्म ज्योति की शूटिंग चल रही है। इसी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त अक्षरा सिंह सुसाइड मामलों में कहा कि हिरोइनों के सुसाइड करने के पीछे कुछ तो बड़ी वजह जरूर रही होगी। लेकिन दुनिया से डर के इस तरह का कदम उठाना कतई ठीक नहीं है। आपको खुद के लिये स्टैंड लेना पड़ेगा।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले अक्षरा सिंह मीडिया से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रही महिला पहलवानों के समर्थन में अपनी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मैं भी अपने देश की महिला पहलवानों के साथ हूं। पूरा देश उनके साथ है। सभी एकजुट हैं।
शादी बहुत बोरिंग चीज, मैं शादी कर अपने फैंस को नहीं छोड़ूंगी
वहीं अपनी शादी के सवाल पर अक्षरा सिंह बोलीं कि यह काफी बोरिंग चीज है। लेकिन लोग एंजॉय करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं शादी करके अपने लाखों फैंस को कैसे छोड़ दूं। अगर मेरे फैंस कहें तो मैं शादी कर लूं। निर्देशक लालबाबू पंडित की भोजपुरी फिल्म ज्योति की शूटिंग बाराबंकी शुरू हुई है। निर्देशक के मुताबिक फिल्म ज्योति एक नारिप्रधान फिल्म है। इसमें अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन अभिनेताओं के साथ फिल्म में जे नीलम, अमित शुक्ला, बीना पांडेय, पुण्यदर्शन गुप्ता, राजेन्द्र मिश्रा, बलराम पांडेय, सोनू पांडेय, धामा वर्मा और निशा तिवारी भी अपने अभिनय से लोगों का मन मोहने का काम करेंगे। फिल्म की शूटिंग बाराबंकी और लखनऊ के आसपास लगभग एक महीने तक चलेगी।