बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय सिन्हा ने दिया इस्तीफा, सदन के बाहर लगे नीतीश हाय-हाय के नारे
बिहार विधानमंडल के विशेष सत्र में आज हंगामे के आसार हैं। आज विधानसभा में नीतीश कुमार की सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। इसके पहले स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया।
बिहार में महागठबंधन की नई सरकार आज विधानमंडल के विशेष सत्र के दौरान विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की इस गठबंधन सरकार को 164 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। जबक, विपक्ष के पास भारतीय जनता पार्टी के केवल 76 विधायक हैं। इसके पहले विधानसभा के सत्र के दौरान स्पीकर विजय सिन्हा ने पद से इस्तीफा दे दिया। सत्ता पक्ष ने उनको हटाने की नोटिस दे रखी थी। महागठबंधन की सरकार में अवध बिहारी चौधरी नए स्पीकर होंगे।
आज सदन में हंगामे के आसार हैं। सत्र शुरू होने के पहले ही विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर बीजेपी विधायकाें ने प्रदर्शन किया। उन्होंने 'नीतीश कुमार हाय-हाय' व 'नीतीश कुमार होश में आओ' के नारे लगाए।
स्पीकर विजय सिन्हा ने दिया इस्तीफा
अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के पूर्व स्पीकर ने सदन की कार्रवाई को अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने इसपर आपत्ति जताई। कहा कि यह संसदीय मान्यता के अनुरूप नहीं है। स्पीकर ने इस्तीफा देते हुए नरेंद्र नारायण यादव को सदन की अध्यक्षता करने का दायित्व सौंप दिया। जबकि, स्पीकर की अनुपस्थिति में डिप्टी स्पीकर सदन का संचालन करते रहे हैं। ऐसे में एक संवैधानिक संकट खड़ा हो गया है।
स्पीकर बोले: मैंने अपने दायित्वों का निष्पक्ष तरीके से निभाया
मैंने अपने दायित्वों का निष्पक्ष तरीके से निभाया। न्याय के साथ विकास, न बचाते है न फंसाते के सरकार के निर्णय को भी लागू करने का प्रयास किया। इसमें कुछ लोगों को परेशानी भी हुई। कई अच्छी छवि के सदस्य भी हैं, जिनकी छवि बचाने की जिम्मेवारी हम सबकी है। हम सबकी जिम्मेदारी है ठहरी हुई विरासत को बढ़ाने का, लेकिन जो आरोपित और कंलकित हैं, वे स्वच्छ को भी कलंकित करने की कोशिश करते हैं। कथनी और करनी में जबतक अंतर रहेगा, तबतक जनता के हम कृपा पात्र नहीं बन सकते।
विधानसभा परिसर में बीजेपी विधायकों का प्रदर्शन
बिहार विधानसभा में महागठबंधन की नीतीश सरकार के शक्ति परीक्षण के पहले वहां पहुंचे बीजेपी विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी विधायक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। माहौल देखकर माना जा रहा है कि सदन के अंदर भी जमकर हंगामा होगा।