आज आठवीं बार बिहार के सीएम बनेंगे नीतीश, मंत्रिमंडल की रेस में कई चेहरे
नीतीश कुमार आज महागठबंधन की नई सरकार के मुख्यमंत्री बन जाएंगे। तेजस्वी यादव भी उपमुख्यमंत्री बनेंगे। मंत्रिमंडल की रेस में कई चेहरे शामिल हैं। विधानसभाध्यक्ष का पद आरजेडी के खाते में जाएगा।
बिहार में बुधवार को नीतीश कुमार महागठबंधन की नई सरकार के मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल फागू चौहान बुधवार को दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण कराएंगे। नई सरकार के मंत्रिमंडल के लिए रेस में कई चेहरे शामिल हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ने को विश्वासघात बताते हुए इसके खिलाफ आज सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
शपथ से पहले गृह मंत्रालय के लिए अड़ा जेडीयू
बड़ी खबर यह आ रही है कि शपथ से पहले नीतीश कुमार गृह विभाग के लिए अड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि इसपर आरजेडी से बातचीत चल रही है।
भाजपा का धरना शुरू, नीतीश कुमार पर लगाया विश्वासघात का आरोप
नीतीश कुमार के नए गठबंधन में शामिल होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन शुरू कर दिया है। भाजपा का कहना है कि नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से विश्वासघात किया है। पटना में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के सामने पार्टी के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता धरना देकर अपने विरोध का इजहार कर रहे हैं।
तेज प्रताप ने राबड़ी आवास के बाहर दिखाया विक्ट्री साइन
आरजेडी के सरकार में वापस आने पर तेज प्रताप यादव बेहद खुश नजर आ रहे हैं। राबड़ी आवास के बाहर उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया।
राबड़ी आवास पर तय किए जा रहे आरजेडी कोटे के मंत्रियों के नाम
नीतीश कुमार व तेजस्वी यादव के शपथ ग्रहण के पहले अभी राबड़ी देवी के आवास पर आरजेडी के नेता जुटे हैं। वहां आरजेडी कोटे के मंत्रियों के नाम फाइनल किए जा रहे हैं।
महागठबंधन सरकार के संभावित मंत्रियों के नाम की चर्चा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में आरजेडी कोटे से तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बनेंगे। इसके अलावा आरजेडी से तेज प्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, भाई वीरेन्द्र, ललित यादव, अनिता देवी, जीतेन्द्र कुमार राय, चन्द्रशेखर, कुमार सर्वजीत, बच्चा पांडेय, भारत भूषण मंडल, अनिल सहनी, शाहनवाज, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, समीर महासेठ, कार्तिक सिंह, वीणा सिंह, रणविजय साहू व सुरेन्द्र राम आदि के नाम भी चर्चा में हैं। जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, विजेन्द्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, उपेन्द्र कुशवाहा, शीला कुमारी, श्रवण कुमार, मदन सहनी, संजय कुमार झा, लेशी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज, जमां खान के नाम की चर्चा है। कांग्रेस के मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, शकील अहमद खान व राजेश कुमार तो हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन मंत्री बन सकते हैं।
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लेंगे शपथ
आज केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लेंगे पद की शपथ। कांग्रेस नेता अजित शर्मा ने दी जानकारी। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को शपथ ग्रहण बाद में होगा।