समस्तीपुर में फांसी के फंदे पर झूल गए एक ही परिवार के 5 लोग, आर्थिक तंगी के चलते उठाया कदम
ऐसा कहा जा रहा कि कर्ज का बोझ और पारिवारिक दायित्वों को पूरा करने में असफल रहने की वजह से मनोज झा बेहद परेशान रहते थे। उन्होंने कई जगह से कर्ज भी लिया था। आशंका जताई जा रही कि मुश्किल आर्थिक हालात की वजह से उन्होंने सपरिवार घर में फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी।
बिहार के समस्तीपुर में चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के 5 लोग फांसी के फंदे पर झूल गए। दिल्ली के बुराड़ी कांड में जिस तरह से पूरा परिवार फांसी के फंदे पर झूलता मिला था, कुछ वैसा ही मामला समस्तीपुर में सामने आई है। ये सनसनीखेज मामला विद्यापतिनगर थाना के मऊ गांव की है। बताया जा रहा कि आर्थिक तंगी से परेशान पूरे परिवार ने आत्महत्या कर ली। एक साथ पांच लोगों के सुसाइड की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वहीं FSL टीम को भी बुलाया गया है।
मऊ गांव की घटना, फंदे पर झूल गए परिवार के 5 लोग
बताया जा रहा कि मऊ गांव के वार्ड 11 निवासी मनोज झा ऑटो चलाकर और खैनी बेचकर अपने परिवार का गुजर बसर करते थे। उनके परिवार में उनकी मां सीता देवी, पत्नी सुंदरमणि देवी और दो बेटे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार कोशिश के बावजूद मनोज झा पर कर्ज का बोझ बढ़ता ही जा रहा था। लगातार पैसे देने वाले उनके घर तकादे के लिए आते थे। संभावना जताई जा रही की आर्थिक तंगी की वजह से ही पूरे परिवार ने ये खौफनाक कदम उठाया है।
कर्ज और आर्थिक तंगी के चलते उठाया कदम
ऐसा कहा जा रहा कि कर्ज का बोझ और पारिवारिक दायित्वों को पूरा करने में असफल रहने की वजह से मनोज झा बेहद परेशान रहते थे। उन्होंने कई समूहों से ऋण भी लिया था। समय-सीमा के अंदर इसकी अदायगी करने में वे सक्षम नहीं हो पा रहे थे। आशंका जताई जा रही कि मुश्किल आर्थिक हालात की वजह से उन्होंने सपरिवार घर में फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम
मृतकों में वार्ड 11 निवासी मनोज झा (45), उनकी मां सीता देवी (65), मनोज झा के बेटे सत्यम कुमार (10) और शिवम कुमार (07), मनोज की पत्नी सुंदरमणि देवी (38) शामिल हैं। घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर पूरी तरह घेराबंदी कर दी है। एफएसल टीम को यहां बुलाया गया है। पुलिस टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।