CM Yogi : आपदा से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचायी जाए
सीएम योगी ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में अतिवृष्टि के दृष्टिगत सभी मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। गुरुवार को बारिश के दौरान विभिन्न हादसों में 30 लोगों की मौत हो गई। बारिश की वजह से प्रदेशभर में काफी नुकसान हुआ है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि नगर निकाय और पंचायती राज के सभी अधिकारी और कर्मी फील्ड में उतर कर रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लें और लोगों को समुचित राहत पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय को यह भी निर्देश दिया है कि जलजमाव के कारण कोई रोग ना फैले इसके लिए यथोचित उपाय करें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारीगण क्षेत्र का भ्रमण कर राहत कार्यों पर नजर रखें। उन्होंने अगले 02 दिन-17 व 18 सितम्बर, 2021 को प्रदेश में स्कूल-कॉलेजों सहित सभी शिक्षण संस्थानों को बन्द रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस आपदा के दृष्टिगत जनपदों में राहत कार्य प्रभावी रूप से कराए जाएं। आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचायी जाए। जल-जमाव की स्थिति में प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था करायी जाए। उन्होंने सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को इस आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।