भारत में अब तक एक करोड़ 16 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके
भारत में कितनी गंभीर है कोरोना की नई लहर? विशेषज्ञ से जानें ऐसे ही सवालों के जवाब
भारत में अब तक एक करोड़ 16 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 40 हजार 715 नए मामलों की पुष्टि हुई है। फिलहाल देश में तीन लाख 45 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं जो कुल संक्रमित लोगों का 2.96 फीसदी है। इस बीच देश में कोरोना से स्वस्थ होने की दर भी 95.67 फीसदी हो गई है। अब तक एक करोड़ 11 लाख से अधिक लोग इसके संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। वहीं चार करोड़ 84 लाख लोगों को कोरोना का टीका भी लगाया जा चुका है। आइए विशेषज्ञ से जानते हैं कोरोना और वैक्सीन से जुड़े कुछ सवालों के जवाब...
कोरोना की नई लहर कितनी गंभीर है?
दिल्ली स्थित एम्स के डॉ. राकेश गर्ग कहते हैं, 'जब कोई भी वायरल इंफेक्शन होता है, तो कई बार वायरस म्यूटेट हो जाता है। जैसे सामान्य सर्दी-जुकाम होता है तो कई बार वायरल देर में ठीक होता है तो कई बार जल्दी ठीक हो जाता है। उसी तरह कोविड का वायरस भी म्यूटेट होता है, लेकिन कई बार यह ज्यादा गंभीर होता है और कई बार धीरे-धीरे कम होने लगता है। इस समय भारत में म्यूटेट वायरस का ज्यादा असर नहीं है, लेकिन लोगों की लापरवाही की वजह से केस बढ़ने लगे हैं। वायरस म्यूटेट हो या पहले वाला हो, उसके फैलने का तरीका एक ही है और उसी रफ्तार से वह संक्रमित करता है। लेकिन जरूरी है कि वायरस से बचने के लिए मास्क लगाते रहें। नाक, मुंह को छूने से पहले हाथ जरूर साफ करें।'