कोरोना: राहत भरी खबर,7 महीने बाद रोजाना मामले घटकर 14 हजार पर पहुंचे, 18 महीने में रिकवरी रेट सबसे ज्यादा
देश में 7 महीने बाद रोजाना आने वाले कोरोना केस घटकर 14 हजार के करीब पहुंच गए हैं। शनिवार को 11 लाख 123 टेस्ट किए गए, जिनमें 14,146 मरीज पॉजिटिव आए। जबकि 144 मरीजों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों में 19 हजार 788 लोग संक्रमण से रिकवर हुए हैं।
भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले तीन दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में 14 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जबकि 144 लोगों की इस बीमारी से जान गई है। वहीं, 19 हजार 788 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। राहत की बात है कि कोरोना से मरने वालों की संख्या में लगातार कमी हो रही है।शुक्रवार को मरने वालों की संख्या 166 थी, वहीं, शनिवार को बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा 150 से नीचे तक पहुंच गया है। राहत की बात है कि लंबे समय बाद एक्टिव केस दो लाख के नीचे पहुंचा है।
इसके साथ ही रोजाना आने वाले मामलों का प्रतिशत 1.29 रह गया है। मतलब 100 लोगों का टेस्ट पर 1.29 मरीज पॉजिटिव मिल रहे हैं। पिछले 48 दिनों से पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से कम रहा है। हालांकि, सप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 1.42% है। देश में वैक्सीनेशन की गति में भी काफी तेजी आई है। बीते दिन देशभर में 41 लाख 20 हजार 772 वैक्सीन डोज लगाए गए।
5 पॉइंट में समझिए देश में कैसे हैं कोरोना संक्रमण के हालात
1. शनिवार तक 59 करोड़ 9 लाख 35 हजार 381 टेस्ट किए जा चुके हैं। अब तक देश में वैक्सीन के 97.65 करोड़ डोज लगाए गए हैं।
2. देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की तादाद 4 लाख 52 हजार 124 हो गई है।
3. कोरोना के एक्टिव मामले 1 लाख 95 हजार 846 हो गए हैं, जो अब तक आए कुल केस के 0.57 प्रतिशत हैं।
4. देश का संयुक्त रिकवरी रेट बढ़कर 98.10% हो गया है। यह मार्च 2020 से लेकर अब तक सबसे ज्यादा है। कुल रिकवरी नंबर बढ़कर 3 करोड़ 34 लाख 19 हजार 749 पहुंच गया है।
5. राज्यों के हिसाब से शनिवार को कोरोना के सबसे ज्यादा 7,955 मामले केरल में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद 1,553 महाराष्ट्र, 1,233 तमिलनाडु, 4,43 पश्चिम बंगाल और 3,58 ओडिशा में सामने आए हैं।