उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 2 दिन रहेगा 'मोका' साइक्लोन का असर
यूपी में मौसम एक बार फिर करवट लेता दिख रहा है। 'मोका' साइक्लोन का वेस्ट यूपी में 48 घंटे तक असर रह सकता है। मौसम विभाग ने 27 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में मौसम एक बार फिर करवट लेने लगा है। साइक्लोन 'मोका' का वेस्ट यूपी में 48 घंटे तक असर रह सकता है। इसको लेकर मौसम विभाग ने 27 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। आसमानी बिजली भी गिर सकती है। मंगलवार सुबह गाजियाबाद में धूल भरी आंधी चली। इससे दिन में अंधेरा जैसा छा गया था। मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद के साथ ही बुंदेलखंड के ललितपुर, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, इलाहाबाद, मिर्जापुर और सोनभद्र में आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जरी किया गया है। इसके अलावा यूपी के अन्य जिलों में तेज धूप के साथ आसमान साफ रहेगा। तापमान में 2-3 °C की कमी आ सकती है।
अयोध्या में हल्के बादल छाए
अयोध्या में एक बार फिर मौसम बदला हुआ है। सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है। बीते 2 दिनों से अयोध्या और आसपास के जनपदों में उमस भरी गर्मी और तेज धूप ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी थीं। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र के अनुसार, आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। पूर्वी हवा के सामान्य गति से चलने की संभावना है।
गाजियाबाद-नोएडा में धूल भरा मौसम
दिल्ली-NCR के शहरों में आज सुबह से आसमान में धूल का गुबार छाया रहा। इस वजह से हवा में मिट्टी के कण बढ़ गए हैं। लोगों को इससे खासी दिक्कतें हो रही हैं। डॉ. प्रदीप यादव बताते हैं कि इस तरह के मौसम में सांस रोगियों को परेशानी हो सकती है। वे मास्क लगाकर ही बाहर निकले है।
मथुरा में खुशनुमा हुआ मौसम
मथुरा में सुबह से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। सुबह का तापमान 29°C दर्ज हुआ। काले बादल छाए हुए हैं। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सोमवार को तेज धूप के कारण सड़कें सुनसान थीं। सोमवार को तापमान 39°C तक पहुंच गया था।
सोमवार को कई जिलों में बदला था मौसम
सोमवार की बात करें, तो आगरा में हल्की बारिश हुई। कानपुर में काले घने बादल छाए रहे। वहीं, कई जिलों में आंधी भी चली। मौसम विभाग की मानें, तो मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मई की शुरुआत आंधी-पानी के साथ हुई थी। 7 दिन पहले तक यूपी के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। ओले भी गिरे।