सीएम पर सस्पेंस होगा खत्म: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे देहरादून, कुछ ही देर में शुरू होगी विधायक दल की बैठक
उत्तराखंड में सीएम के नाम पर सस्पेंस आज खत्म हो जाएगा। प्रदेश के पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में देहरादून में होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी।
मुख्यमंत्री का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला आज हो जाएगा। विधायक मंडल दल की होने जा रही बैठक में बीजेपी विधायक दल के नेता चुना जाएगा। प्रदेश के पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उनकी मौजूदगी में देहरादून में होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी।
बैठक में भाग लेने के लिए चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी समेत प्रदेश के सभी राज्यसभा व लोकसभा सांसद और नवनिर्वाचित विधायक बैठक में पहुंच गए हैं। राजनाथ सिंह यहां सबसे पहले एक होटल में पहुंचे। जहां कार्यकारी सीएम धामी ने उनका स्वागत किया। मीनाक्षी लेखी, प्रह्लाद जोशी, दुष्यंत गौतम, अनिल बलूनी, निशंक, सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल सभी यहां पहुंच गए हैं।
अभी एक होटल में बैठक होगी, जिसके बाद आगे विधायक दल की बैठक होगी। विधयकों में से मुख्यमंत्री नहीं होने की चर्चाएं तेज हो रही हैं। धामी और बलूनी के नाम पर मुहर लगाने की संभावनाएं भी ज्यादा हैं। विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत हासिल करने वाली भाजपा में कई दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस आज खत्म हो जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में पार्टी हाईकमान के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री के नाम पर एलान कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद के लिए इन नामों की चर्चा
नए मुख्यमंत्री के लिए कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, ऋतु खंडूरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, सांसद अनिल बलूनी के नाम चर्चाओं में हैं।
23 मार्च को हो सकता है शपथ ग्रहण
विधायक मंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय हो जाएगा। 23 मार्च को मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार 22 मार्च को देहरादून में झंडा जी का मेला है, इस कारण कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 23 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह करने की तैयारी चल रही है।