विधायकों को 20 करोड़ का आफर, न मानने पर फर्जी केस की धमकी, AAP नेता संजय सिंह ने BJP पर लगाए आरोप
संजय सिंह ने विधायक अजय दत्त सोमनाथ भारती कुलदीप कुमार संजीव झा को साथ लेकर प्रेसवार्ता की। इन विधायकों ने कहा कि भाजपा से सबंधित उनके जानकारी के लोगों ने उनसे संपर्क किया है।
दिल्ली में शराब नीति के बाद मचा घमासान धमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं। दोनों की ओर से एक दूसरे पर नित नए आरोप लगाए जा रहे हैं। अब इस मामले में आप नेता संजय सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा पर नया आरोप लगाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तोड़ने का प्रयास विफल होने के बाद हमारे विधायकों को तोड़ने का भाजपा प्रयास कर रही है। आप नेता संजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर कहा कि उनके विधायकों को बीस बीस करोड़ का आफर दिया गया है।
संजय सिंह ने विधायक अजय दत्त, सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार, संजीव झा को साथ लेकर प्रेसवार्ता की। इन विधायकों ने कहा कि भाजपा से सबंधित उनके जानकारी के लोगों ने उनसे संपर्क किया है और बात नहीं मानने पर सिसोदिया की तरह उनके ऊपर भी सीबीआइ और ईडी के मुकदमे दर्ज करने की धमकी दी है।
आप विधायकों ने आरोप लगाया है कि हमसे कहा गया है कि अगर और विधायकों को साथ लेकर आओगे तो तुम्हे पांच करोड़ बढ़ा कर 25 करोड़ मिलेंगे और इन विधायकों को 20 करोड़ देंगे।
प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद संजय सिंह के अलावा चारों विधायकों ने कुछ इसी तरह की बातें कहीं। सभी का कहना था कि भाजपा के नेता उनसे संपर्क कर ऐसी ही पेशकश कर रहे हैं। साथ ही ये भी कह रहे हैं कि यदि उनकी पार्टी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां भी रेड पड़ेगी और वो परेशान होंगे। एक विधायक ने तो यहां तक कहा कि भाजपा नेता से जब ये पूछा कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ जो चीजें चल रही हैं वो तो झूठी है तो भाजपा नेता ने कहा कि उनको भी इसका पता है। मगर पार्टी तोड़ने के लिए कहा गया है तो वो लोग उस तरह से पेशकश कर रहे हैं। खुद आने वालों का अलग रेट है और जो किसी को साथ लेकर आता है उसको अलग से अतिरिक्त पैसे दिए जाएंगे।