'नदी में कूदने जा रही हूं', पति से फोन पर बोल महिला ने पुल से लगाई छलांग; गोताखोरों की मदद से की जा रही तलाश
सलेमपुर उपनगर के हरैया लाला की रहने वाली महिला रविवार की सुबह मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। आटो पर सवार होकर वह भागलपुर पुल पर पहुंच गई। वहां से पति को फोन करके बोली नदी में कूदने जा रही है। इस दौरान आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े लेकिन महिला ने पुल से छलांग लगा दी।
देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर पुल से उफनाई सरयू नदी में एक महिला ने रविवार की सुबह छलांग लगा दी। राहगीरों ने महिला को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस महिला की तलाश करा रही है।
यह है मामला
सलेमपुर उपनगर के हरैया लाला के रहने वाले प्रदीप गुप्ता की हार्डवेयर की दुकान हैं। पत्नी गुड्डी देवी रविवार की सुबह घर से मंदिर जाने की बात कह कर निकली और आटो से भागलपुर पुल पर पहुंच गई। इसके बाद पति को फोन कर बोली, नदी में कूदने जा रही हूं। इसके बाद पुल के फुटपाथ पर अपना पर्स, आधार कार्ड, मोबाइल समेत अन्य सामान रख दी। जब वह कूदने के लिए रेलिंग की तरफ बढ़ी तो आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़े। उसके पहले ही वह नदी में छलांग लगा दी।
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस चौकी पर जाकर महिला को नदी में कूदने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू करा दी। नदी के उफान पर होने के चलते तत्काल सफलता नहीं मिल पाई।
क्या कहती है पुलिस
थानाध्यक्ष गोपाल राजभर ने बताया कि महिला की तलाश कराई जा रही है। स्थानीय गोताखोर लगाए गए हैं। उधर मौके पर स्वजन भी पहुंच गए हैं। महिला के पति दिव्यांग हैं।