फिरोजाबाद: 75 वर्ष की वृद्धा से पुलिस को शांति भंग की आशंका, कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने को मजबूर
दो अधेड़ महिलाओं के साथ किया पाबंद। तहसील के चक्कर काट रहीं तीनों महिलाएं। पुलिस अधिकारी बोले निकाय चुनाव की संभावना को देखते हुए शांति व्यवस्था दुरुस्त की गई है। देखना होगा कि कैसे ये महिलाएं पाबंद हुई।
फिरोजाबाद में मक्खनपुर थाना पुलिस को अब 75 वर्ष की वृद्ध महिला से भी शांति भंग होने की आशंका होने लगी। इसलिए वृद्धा को दो महिलाओं के साथ पाबंद कर दिया है। तीनों महिलाएं अब तहसील के चक्कर काट रही हैं। पिछले दिनों निकाय चुनाव की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू की तो पुलिस ने भी उन लोगों को पाबंद करने का अभियान चलाया, जो चुनाव प्रक्रिया में बाधा पहुंचा सकते हैं।
दो महिलाओं को किया पाबंद
पुलिस ने मोहम्मदपुर नबादा में बैंक आफ इंडिया के पीछे रहने वालीं 50 वर्ष की सायरा बेगम, 55 वर्ष की मल्ला और 75 वर्ष की सुमन शर्मा को पाबंद कर दिया है। महिलाओं को इसकी जानकारी तब मिली जब एक जनवरी को इनके घर पर नोटिस पहुंचे। तीनों को एसडीएम कोर्ट से बंधक पत्र भरकर जमानत करानी पड़ी। अब एसडीएम कोर्ट में 23 जनवरी को फिर से पेश होंगी।
पति बोले किसी से नहीं हुआ झगड़ा
सुमन के पति हरिओम शर्मा ने बताया कि उनका किसी से झगड़ा तक नहीं है। फिर भी पुलिस ने उनकी पत्नी को पाबंद कर दिया है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। गांव के ऋषि बघेल, कुलदीप कुमार, शैतान सिंह, सोनू बघेल, रवि कुमार, हरदीप कुमार, रेशमा देवी, रामसखी आदि ने पुलिस की इस कार्रवाई पर रोष जताया है।
थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह का कहना है कि चुनाव को देखते हुए 8500 लोगों को पाबंद किया गया था। ये तीनों महिलाएं कैसे पाबंद हुईं इसकी जांच कराई जाएगी।