गोरखपुर: जेपी नड्डा व सीएम योगी ने किया भाजपा के नए कार्यालय का लोकार्पण, 3000 से अधिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके लिए शुक्रवार की सुबह गोरखपुर पहुंचें थे जबकि मुख्यमंत्री योगी गुरुवार की शाम को ही आ गए थे। लोकार्पण के बाद कार्यालय के सामने गरीब कल्याण जनसभा आयोजित की गई।
भाजपा की गोरखपुर क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों का शुक्रवार से नए क्षेत्रीय कार्यालय में संचालन शुरू हो गया है। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इस कार्यालय का लोकार्पण हुआ। क्षेत्रीय कार्यालय के साथ नेताद्वय प्रदेश के सात जिलों के जिला कार्यालय का भी आनलाइन लोकार्पण हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके लिए शुक्रवार की सुबह गोरखपुर पहुंचें थे, जबकि मुख्यमंत्री योगी गुरुवार की शाम को ही आ गए थे। लोकार्पण के बाद कार्यालय के सामने गरीब कल्याण जनसभा आयोजित की गई। जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के 3000 से अधिक कार्यकर्ताओं के बीच दोंनों नेताओं ने संबोधन किया।
बता दें कि भाजपा कार्यालय के लिए 11 हजार स्क्वायर फीट से ज्यादा जमीन ली गई थी। इसमें से 5100 स्क्वायर फीट में निर्माण हुआ है। ग्राउंड फ्लोर पार्टी की महानगर व जिला इकाई के लिए आरक्षित किया गया है। प्रथम तल क्षेत्रीय इकाई के लिए आरक्षित है। इसी फ्लोर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय महामंत्री संगठन सहित तमाम पदाधिकारी बैठेंगे। आईटी सेल के लोगों के बैठने की व्यवस्था है। मीटिंग हॉल भी है। द्वितीय तल पर बड़ा मीटिंग हॉल बनाया गया है। इसमें एक साथ 500 कार्यकर्ता बैठ सकते हैं। तृतीय तल पर गेस्ट रूम बने हैं। किचन भी बना है।
भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय तक बने सौ मीटर सीसी रोड का लोकार्पण बुधवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेद्र सिंह ने किया था। यह सड़क सांसद रवि किशन शुक्ला की सांसद निधि से बनी है। इस पर 26 .42 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
सांसद का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में पूरा देश व प्रदेश विकास का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस मौके पर समरेंद्र विक्रम सिंह, जय यदुवंशी, पवन दुबे, रणंजय सिंह जुगनू मौजूद रहे।