राहुल गांधी ने हिमाचल में कांग्रेस की जीत का जनता को दिया श्रेय, बोले- 'हम हर वादे को पूरा करेंगे'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने जनता को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है।
हार पर बोले जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में मिली हार पर जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं अभी कोई टिपण्णी नहीं करना चाहता हूं। हम आंकलन करेंगे की कहां कमी रह गई। कई बार ऐसा होता है कि एक-दो मुद्दों के कारण चुनाव की धारा प्रभावित हो जाती है।
BJP की हार के बाद जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
हिमाचल प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राजभवन से निकलने के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। लोगों के विकास के लिए काम करना कभी बंद नहीं करेंगे। हमें चीजों का विश्लेषण करने की जरूरत है। कुछ मुद्दे ऐसे थे, जिन्होंने नतीजों की दिशा बदल दी। अगर वे हमें बुलाएंगे तो मैं दिल्ली जाऊंगा।
नतीजों पर बोलीं प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हिमाचल प्रदेश चुनाव परिणामों पर बात की। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बहुत ही भावुक क्षण है क्योंकि मैं लोगों से उस तरह का समर्थन देख सकती हूं, जैसा दिवंगत वीरभद्र सिंह को मिला था। चंडीगढ़ विधायकों के लिए आसानी से मिलने की जगह है और हम आगे के बारे में चिंतित नहीं हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की जीत पर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि यह प्रदेश की जनता की जीत है। लोगों ने बदलाव के लिए और बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ मतदान किया। हम एकजुट रहेंगे और हमारी पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं होगी। हमने पार्टी प्रमुख खरगे से मुलाकात की और हमारे अगले कदम के बारे में चर्चा की है।