सपा प्रमुख के खिलाफ उठ रही बगावत की आवाज, नाराज शिवपाल यादव और आज़म खान की जोड़ी UP में खिला सकती है नया सियासी गुल
चुनाव हारने के बाद से समाजवादी पार्टी में सबकुछ सही नहीं चल रहा है। चाचा शिवपाल सिंह यादव की नाराजगी अभी तक चर्चा में थी। फिर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क और अब आजम खान के मीडिया प्रभारी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
समाजवादी पार्टी में बगावत के सुर तेज हो गए हैं। अभी तक अखिलेश यादव से नाराज चल रहे चाचा शिवपाल सिंह यादव ने मोर्चा खोल रखा था अब पार्टी के दूसरे नेता भी उसमें शामिल हो गए हैं। इसमें सबसे बड़ा नाम आजम खान का है। तो क्या आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान भी समाजवादी पार्टी छोड़ सकते हैं।
ये कयास इसलिए क्योंकि एक दिन पहले ही आजम खान के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां ने बड़ा बयान दे दिया। इसमें उन्होंने कहा कि क्या यह मान लिया जाए कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सही कहते हैं कि अखिलेश जी आप नहीं चाहते कि आजम खां जेल से बाहर आएं? हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को हमारे कपड़ों से बदबू आती है।
सपा सांसद और रालोद प्रदेश अध्यक्ष भी उठा चुके मुद्दा
इसके पहले संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद डाॅ.शफीकुर्रहमान बर्क बर्क और रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ. मसूद अहमद भी सपा के खिलाफ बगावती बयान दे चुके हैं। डॉ. शफीकर्रहमान से मीडिया ने पूछा भाजपा सरकार मुसलमानों के हित में काम कर रही है या नहीं? इस पर उन्होंने जवाब दिया। कहा, 'भाजपा के कार्यों से वह संतुष्ट नहीं हैं। भाजपा सरकार मुसलमानों के हित में काम नहीं कर रही है।
शफीकर्रहमान यहीं नहीं रूके। आगे उन्होंने कहा, 'भाजपा को छोड़िए समाजवादी पार्टी ही मुसलमानों के हितों में काम नहीं कर रही।' इसके बाद वह अपनी गाड़ी में सवार होकर चले गए। रालोद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने तो सपा मुखिया को तानाशाह तक कह दिया था। डॉ. मसूद ने सपा पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।