शादी के बंधन में बंधी नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई, जाने किससे हुई शादी
पाकिस्तानी एक्टिविस्ट और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई (24) ने ब्रिटेन में निकाह कर लिया है। मलाला ने असर नाम के एक शख्स के साथ निकाह किया है। जाने क्यों मिला नोबेल पुरस्कार
नोबेल पुरस्कार विजेता और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली मलाला यूसुफजई ने शादी कर जिंदगी के एक नए सफर की शुरूआत कर ली है। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के जरिए तस्वीरें साझा कर जानकारी दी।
बर्मिंघम में मलाला ने परिवार की मौजूदगी में निकाह किया।
तस्वीरों के साथ मलाला ने कैप्शन में लिखा, ''आज मेरी जिंदगी का बेहद अनमोल दिन है। मैं और असर जीवनभर के साथी बन गए हैं। हमने अपने परिवारों की मौजूदगी में बर्मिंघम में निकाह किया। हमें आशीर्वाद दीजिए। हम आगे का रास्ता साथ मिलकर तय करने के लिए उत्साहित हैं।''
2012 में तालिबान ने किया था जानलेवा हमला
24 वर्षीय मलाला यूसुफजई लड़कियों की शिक्षा के लिए काफी काम कर चुकीं पाकिस्तानी कार्यकर्ता हैं। मलाला को लड़कियों की शिक्षा के लिए बिना किसी खौफ के आवाज उठाने के लिए स्वात घाटी में 2012 में तालिबानी आतंकवादियों ने उस वक्त गोलियां मारी थीं, जब वह स्कूल से घर लौट रही थीं।
बेहतर इलाज के लिए यूसुफजई को इंग्लैंड के शहर बर्मिंघम लाया गया था। ठीक होने के बाद यूसुफजई ने फिर से स्कूल जाना शुरू किया और जून 2020 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड से स्नातक किया। इस दौरान भी वह लड़कियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए आवाज उठाती रहीं। यूसुफजई के विवाह की जानकारी मिलने पर लोग उन्हें बधाई और शुभकामना संदेश भेज रहे हैं |
आई एम मलाला नाम से आत्मकथा लिखी
लड़कियों की शिक्षा की समर्थक पाकिस्तानी स्कूली लड़की मलाला युसुफजई ने आई एम मलाला नाम से आत्मकथा लिखी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कभी पाकिस्तान के पिछड़े इलाके में रहने वालीं मलाला को इसके लिए 3 मिलियन डॉलर मिले थे। आई एम मलाला को ब्रिटेन के विन्डेनफेल्ड एंड निकोलसन ने पब्लिश किया था। यह किताब 8 अक्टूबर 2013 को पब्लिश हुई थी।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट
2014 में लंदन में उनकी सर्जरी हुई। इसके बाद वे अपने परिवार के साथ बर्मिंघम में शिफ्ट हो गईं। उन्होंने यहां लड़कियों की सहायता के लिए मलाला फंड नाम से चैरिटी शुरू की। मलाला ने 2020 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन पूरा किया है।
2014 में सबसे कम उम्र में जीता नोबेल
मलाला को 2014 में शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया। उनके साथ बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले भारत के कैलाश सत्यार्थी को भी यह अवॉर्ड मिला था। मलाला यूसुफजई के नाम सबसे कम उम्र में ये अवॉर्ड पाने का रिकॉर्ड है। उस वक्त उनकी उम्र 17 साल थी।
शादी पर दिए बयान पर हुआ था विवाद
मशहूर मैगजीन वोग को दिए इंटरव्यू में मलाला ने शादी को गैरजरूरी बता दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं नहीं समझ पा रही हूं कि लोग शादी क्यों करते हैं। अगर आपको जीवनसाथी चाहिए तो आप शादी के कागजों पर साइन क्यों करते हैं, यह केवल एक पार्टनरशिप क्यों नहीं हो सकती है? मलाला के इस बयान पर इतना विवाद हुआ कि उनके पिता जियाउद्दीन यूसुफजई को सफाई देनी पड़ी थी।