हेमंत सोरेन सभी विधायकों को लेकर छत्तीसगढ़ रवाना, झारखंड में सियासी संकट गहराया
झारखंड में हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद कहीं विधायकों की तोड़फोड़ शुरू नहीं हो जाए इस डर से झामुमो और कांग्रेस के विधायक सुरक्षित ठिकाने के लिए निकल गए हैं। सीएम खुद इनको लेकर छत्तीसगढ़ रवाना हो गए हैं।
झारखंड में पल-पल सियासी परिदृश्य बदल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने सभी विधायकों को तीन बसों में भर कर छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। इनमें कांग्रेस और झामुमो के विधायक शामिल हैं। एक बस में खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बैठे हुए हैं। जिन तीन बसों से इनको ले जाया गया है, उनमें दो बसों का रंग पीला और तीसरी बस का रंग ब्लू है। सुबह से ही यह अटकलें लगाई जा रही थी कि हेमंत सोरेन अपने विधायकों को लेकर कहीं बाहर जा सकते हैं।
निशिकांत ने किया था दावा- हेमंत के पास सिर्फ 36 विधायक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस गतिविधियों से यह साफ होता जा रहा कि झारखंड में विधायकों की तोड़फोड़ भी होने की आशंका बनी हुई है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक रोज पहले दावा किया था कि हेमंत सोरेन के पास सिर्फ 36 विधायक ही हैं। कयामत तक वह शेष विधायकों का प्रबंध नहीं कर पाएंगे। यह दावा उन्होंने झामुमो के इस दावे पर किया था कि उसके पास 50 विधायकों का समर्थन पत्र है। अब निशिकांत दुबे ने टवीट कर कहा है कि उनका दावा सच साबित होता दिख रहा है।
दीपिका पांडेय की गाड़ी में अटैची और पानी के बोतल
दरअसल, हुआ यह कि मुख्यमंत्री आवास में प्रवेश करते समय कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय की गाड़ी की डिक्की खुल गई। इसमें अटैची और पानी के ढेर सारे बोलत देखे गए। मीडिया वालों ने विधायक से इसके बारे में पूछताछ करनी शुरू कर दी। इसपर विधायक दीपिका पांडेय नाराज भी हो गई। इसके बाद यह सूचना आने लगी कि कांग्रेस और झामुमो के विधायकों को पूरी तैयारी के साथ मुख्यमंत्री आवास बुलाया गया है। चुनाव आयोग का फैसला आने के बाद इन विधायकों को जरूरत पड़ने पर छत्तीसगढ़ ले जाया जा सकता है। लेकिन अब सूचना है कि फैसला आने से पहले ही हेमंत सोरेन विधायकों को लेकर छत्तीसगढ़ रवाना हो गए हैं।
कल निशिकांत ने किया था दावा, आलमगीर कर रहे खंडन
मालूम हो कि शुक्रवार को भाजपा सांसद डा निशिकांत दुबे ने टवीट कर कहा था कि झामुमो और कांग्रेस के विधायक छत्तीसगढ़ पहुंचाए जा रहे हैं। लेकिन देर शाम तक ऐसी कोई कवायद हेमंत सोरेन की ओर से नहीं देखी गई। रात को मुख्यमंत्री आवास पर सभी विधायक भोजन के लिए पहुंचे। उनकी बैठक भी होती रही। आज शनिवार सुबह कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी दावा किया कि कोई विधायक कहीं नहीं जा रहा है। सभी विधायकों को रांची में रहने के लिए कहा गया है। बाहर ले जाने संबंधित अफवाह के कारण सभी दोनों पार्टी के नेता परेशान हैं।