पवन खेड़ा का भाजपा पर वार बोले- 'बजरंग दल की तुलना बजरंग बली से करेंगे तो यही हश्र होगा'
10 मई को कर्नाटक की 224 सीटों पर मतदान हुआ था। आज चल रही मतगड़ना में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं, भाजपा के हाथ से सत्ता फिसलती दिख रही है। जबकि JDS इस बार भी तीसरे नंबर पर है।
कर्नाटक चुनावों में कांग्रेस जीत की ओर बढ़ रही है। उसे पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं, सत्ताधारी बीजेपी को करारी हार मिलती दिख रही है। इस बीच कर्नाटक चुनाव परिणाम पर नेताओं के बयान आना शुरू हो गए हैं। कोई कांग्रेस की जीत का श्रेय राहुल गांधी और उनकी 'भारत जोड़ों यात्रा' को दे रहा है, तो कोई इसे 2024 से पहले 'विपक्षी एकता' का संदेश बता रहा है। फिलहाल, एक ओर जहां कांग्रेसी खेमा गदगद है। वहीं, बीजेपी ने दबी जुबान से अपनी हार मान ली है। कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा- इन नतीजों का एनालिसिस किया जाएगा। हम देखेंगे, कहां कमी रह गई। हम आगे बढ़ेंगे और लोकसभा चुनाव में मजबूती से वापसी करेंगे। बोम्मई ने पार्टी को फिर से संगठित करने की बात भी कही।
बजरंगबली वाले बयान पर कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस के जोरदार प्रदर्शन पर पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा- इस तरह के चुनाव परिणाम रातों-रात नहीं आते। इसकी शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा से हुई और इसका समापन 5 गारंटी कार्ड के साथ हुआ। पीएम मोदी को हनुमान जी के भक्तों ने करारा जवाब दिया है। लोगों ने उस नरेटिव को खारिज कर दिया जहां भगवान को 'बजरंग दल' के स्तर पर लाने की कोशिश की गई थी। खेड़ा ने कहा कि 'बजरंग दल की तुलना 'बजरंगबली' से करेंगे तो यही हश्र होगा।
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री बोले की- 'बजरंगबली की गदा भ्रष्टाचारियों के सिर पर पड़ी'
कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी खुशी जाहिर की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा की - 'कर्नाटक के नतीजे बिल्कुल उम्मीद के अनुकूल हैं। मोदी जी ने खुद को आगे रखकर वोट मांगा था तो यह मोदी जी की हार है। बजरंगबली की गदा भ्रष्टाचारियों के सिर पर पड़ी और बीजेपी सरकार वहां से निपट गई।'
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा की- हिमालय से लेकर समुद्र तक कांग्रेस ने सफलता हासिल की है। जो लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे, अब दक्षिण भारत भारतीय जनता पार्टी मुक्त हो गया है।
अशोक गहलोत बिले की राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' ने माहौल बनाया
राजस्थान के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक गहलोत ने भी कर्नाटक चुनाव परिणाम पर ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- 'राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था आज उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिख रहा है। UPA चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शानदार कैंपेन किया। कर्नाटक ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है। आने वाले राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भी इसकी पुनरावृत्ति होगी।'
'कर्नाटक का संदेश ये है कि...'
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा की - कर्नाटक का संदेश ये है कि बीजेपी की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, अमीरोन्मुखी, महिला-युवा विरोधी, सामाजिक-बंटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का ‘अंतकाल’ शुरू हो गया है। ये नये सकारात्मक भारत का महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार व वैमनस्य के ख़िलाफ़ सख़्त जनादेश है।