"राहुल ने 6 बार मीडिया से नमस्ते किया, बोले- देश को मोहब्बत अच्छी लगती है" कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दर्ज की बड़ी जीत, भाजपा की करारी हार
10 मई को कर्नाटक की 224 सीटों पर मतदान हुआ था। भाजपा के हाथो से सत्ता की बागडोर फिसल गई है और अब कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनाएगी। जबकि JDS इस बार भी तीसरे नंबर पर है।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनाएगी। शनिवार को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि रुझानों में दोपहर 12 बजे से पहले ही साफ हो गया था कि कांग्रेस जीत रही है।
12 बजे कर्नाटक कांग्रेस चीफ डीके शिवकुमार घर की बालकनी पर आए, कांग्रेस का झंडा फहराया और कार्यकर्ताओं के सामने हाथ जोड़े। मीडिया के बीच पहुंचे तो भावुक हो उठे। कहा- जेल में सोनिया गांधी मिलने आई थीं, उनसे मैंने जीत का वादा किया था।
एक बजे के आसपास भाजपा ने हार मान ली। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सामने आए और कहा- नतीजों का एनालिसिस करेंगे, पार्टी लोकसभा चुनाव में दमदार वापसी करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाम 5.19 मिनट पर कांग्रेस को जीत की बधाई दी। समर्थन करने वालों का शुक्रिया किया।
दोपहर 2:30 बजे राहुल गांधी दिल्ली में मीडिया के सामने आए। 6 बार मीडिया से नमस्ते कहा और 2 मिनट का वक्त मांगा। फिर बोले- हमने नफरत से लड़ाई नहीं लड़ी। कर्नाटक ने दिखा दिया कि देश को मोहब्बत पसंद है।
CM बोम्मई के 11 मंत्री जीते, 11 हारे... सीएम पद के तीनों चेहरों को मिली जीत
इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े चेहरों का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा था। कांग्रेस के सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार, भाजपा के बसवराज बोम्मई प्रमुख फेस थे। ये तीनों चुनाव जीत गए। लेकिन बोम्मई और उनके 11 मंत्री जीते, 11 मंत्री हार गए। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए भी यह बेहद अहम चुनाव था। एकतरफा जीत से पार्टी में उनका कद बढ़ेगा।