लखनऊ: अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलने का सिलसिला जारी, अमीनाबाद के पुराने हनुमान मंदिर परिसर में चला बुलडोजर
लखनऊ के अमीनाबाद इलाके के पुराने हनुमान मंदिर परिसर में बने काम्प्लेक्स पर आज सुबह से बुलडोजर चल रहा है काम्प्लेक्स को तीन बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ में स्थित अमीनाबाद इलाके के पुराने हनुमान मंदिर परिसर में बने काम्प्लेक्स पर आज सुबह से बुलडोजर चल रहा है। काम्प्लेक्स को तीन बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। आरोप है कि यह काम्प्लेक्स अवैध रूप से तैयार किया जा रहा था। उसे ढहाने का काम नगर निगम की ओर से किया जा रहा है। इस वक्त यहां पर नगर निगम और एलडीए समेत 50 कर्मचारी मौजूद है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
पूर्व पार्षद ने पत्र लिख नगर निगम के अधिकारियों से की थी शिकायत
अमीनाबाद इलाके के पूर्व पार्षद विनोद सिंघल पिछले 6 महीने से लगातार नगर निगम के अधिकारियों को पत्र लिख रहे थे। विनोद सिंघल अपने शिकायती पत्र में लिखते रहें है कि यहां पर भू-माफिया करोड़ों की जमीन पर निर्माण कर रहे हैं और इसको कोई रोक नही रहा है।
पूर्व पार्षद ने इस पूरे मामले पर मेयर से लेकर नगर आयुक्त और प्रमुख सचिव तक से भी गुहार लगाई थी। विनोद सिंघल ने कई बार नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों के ग्रुप में भी यह बात लिखी थी।
2 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी को भू-माफिया कब्जा करने में लगे हुए थे
बताया जा रहा है कि करीब 2 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी को भू-माफिया कब्जा करने में लगे हुए थे। विनोद सिंघल ने यह भी आरोप लगाया था कि शिकायत करने के बाद उनके पास पैसे का ऑफर आया था। जिसमें उनको लाखों रुपए देकर शिकायत वापस लेने की बात कही गई थी। अमीनाबाद के रहने वाले का स्थानीय व्यापारी ने बताया कि इसकी शिकायत के बाद यहां पर तमाम व्यापारियों को वह माफियाओं की तरह से धमकी दी गई थी। इसकी वजह से यह लोग खुलकर सामने नहीं आ पा रहे थे।
क्षेत्रीय पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
पूर्व पार्षद विनोद सिंघल और उनकी पत्नी वर्तमान पार्षद सुनीता सिंघल ने आरोप लगाया था कि भूमाफिया फारुख, दीपक अग्रवाल ने पार्क में दूसरी तरफ अवैध निर्माण कर लिया है। मामले की जानकारी क्षेत्रीय पुलिस को भी थी लेकिन उनकी तरफ से भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
विनोद सिंघल ने पूरे मामले में भू माफियाओं पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। कई बार शिकायत मिलने के बाद भी कार्रवाई ना होने पर उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी थी।