कानपुर में 2 दिन चलेगी महापौर परिषद की बैठक, 74वां संशोधन लागू करने की उठाएंगे मांग
अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक आज दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। बैठक में शामिल होने के लिए 5 प्रदेशों से 40 से ज्यादा महापौर कानपुर पहुंच रहे हैं।
आज दोपहर 3 बजे से अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक शुरू होगी। बैठक में शामिल होने के लिए 5 प्रदेशों से 40 से ज्यादा महापौर कानपुर पहुंच रहे हैं। जल संचयन और नगर निगमों में 74वां संशोधन लागू करने की मांग उठाएंगे। सभी मांगे शासन को भेजी जाएंगी।
पहले सभागार का होगा उद्घाटन
महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि परिषद की 112वीं बैठक शहर में 13 और 14 मई को आयोजित की गई है। इसके पहले अयोध्या में बैठक हुई थी। 13 मई को मोतीझील में बने प्रमिला सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्या आ रही हैं। पहले नए प्रमिला सभागार का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद सम्मेलन शुरू किया जाएगा।
ग्राम समाज की जमीनों का मुद्दा
14 मई को महापौरों की बैठक होगी और इसी दिन समापन होगा। इसमें 74वां संशोधन लागू करने को लेकर मंथन होगा। इसके अलावा जल की बर्बादी को रोकने को लेकर भी मंथन होगा। इन मुद्दों पर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। महापौर ने बताया कि बैठक में शहर से जुड़ा एक मुद्दा रखेंगी। पूरे प्रदेश में ग्राम समाज की जमीन नगर निगम के पास है, जबकि कानपुर में विकास प्राधिकरण के पास है। स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण भी कराया जाएगा।
74 वां संशोधन लागू होने से होगा लाभ
संविधान संशोधन लागू होने से पूरी तरह छतरी प्रणाली स्थापित हो जाएगी। शहर की सारी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय की होगी। लोगों को सुविधा रहेगी और उन्हें अपनी रोजमर्रा की समस्याओं के लिए कई विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विकास के कामों में खींचतान नहीं होगी। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। अवैध कॉलोनियों का निर्माण नहीं हो पाएगा।
ये महापौर कानपुर पहुंचे
सरबजीत कौर (चंडीगढ, पंजाब), प्रेमानंद शेट्टी (मंगलोर, कनार्टक), सुनीत अन्नपा (शिवमोगा, कर्नाटक) सेरिंग पेलडेन भूटिया (गंगटोक, सिक्किम), कमरजीत सिंह संधु (अमृतसर, पंजाब), मुकेश आर्यबंधु (मथुरा, यूपी), संयुक्ता भाटिया (लखनऊ) मोहम्मद फुरकान (अलीगढ़), नवीन जैन (आगरा), उमेश गौतम (बरेली), रामतीरथ सिंघल (झांसी) नूतन राठौर (फिरोजाबाद), संजीव वालिया (सहारनपुर), आशा शर्मा (गाजीयाबाद), विनोद अग्रवाल (मुरादाबाद), अभिलाषा गुप्ता (प्रयागराज), रेनू (करनाल)।