लखनऊ: शादी के बीच छज्जा गिरने से हुआ बड़ा हादसा, एक मासूम समेत दो की मौत और 30 से ज्यादा लोग हुए घायल
द्वारचार पूजन के दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया हादसे में पुरोहित और छह साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं
लखनऊ मे गुरुवार देर रात शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। द्वारचार पूजन के दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे में पुरोहित और छह साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। सभी को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक है। हादसा बिजनौर थाने के नुर्दीखेड़ा गांव की है।
बिजनौर थाना इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि नुर्दीखेड़ा के जगदीश यादव की भतीजी मनीषा यादव की शादी थी। रात करीब दस बजे बारात पहुंची थी। द्वारचार की तैयारियां चल रहीं थीं। बारात और दूल्हे को देखने के लिए महिलाओं की भीड़ छत पर जुटी थी। बारात जैसे ही दरवाजे पर पहुंची महिलाएं, छज्जे पर आ गईं। इसी दौरान छज्जा भरभराकर गिर गया।
छज्जा ढहने की वजह से दो दर्जन से ज्यादा महिलाएं नीचे गिरी
छज्जा ढहते ही उस पर खड़ी दो दर्जन से ज्यादा महिलाएं नीचे गिर गईं। साथ ही छज्जे के नीचे खड़े बाराती और लड़की पक्ष के लोग मलबे में दब गए। शादी करवाने आए कल्ली पश्चिम निवासी पुरोहित राम किशोर तिवारी के ऊपर ही छज्जा गिरा। हादसे के बाद द्वारचार में खड़े लोग घायलों को निकालने में जुट गए। शादी के मंगल गीत की जगह हर तरफ चीख पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुचते ही दो की मौत
इंस्पेक्टर राजकुमार के मुताबिक, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कई महिलाओं को सकुशल निकाल लिया था। करीब 33 लोग दबे थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक ठाकुरगंज निवासी श्रद्धा (6) और कल्ली पश्चिम निवासी राम किशोर तिवारी की मौत हुई है। दोनों ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है।
मासूम शामिल होने आई थी बुआ की शादी में
जगदीश के मुताबिक, उनकी नातिन श्रद्धा परिवार के साथ शादी में शामिल होने आई थी। हादसे के वक्त वो भी छज्जे पर खड़ी थी। मलबे के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। वहीं, छज्जे के नीचे ही द्वारपूजा की तैयारियां चल रहीं थीं। दूल्हे पक्ष की तरफ से कल्ली पश्चिम निवासी पंडित राम किशोर तिवारी पूजा की तैयारी कर रहे थे। हादसे के वक्त वह छज्जे के नीचे बैठे हुए थे। दर्दनाक हादसे से पूरे गांव मे मातम छा गया है।