लखनऊ से हज यात्रियों के जाने का सिलसिला आज से शुरू, पहले दिन अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होंगे 562 यात्री
दोपहर 12 बजे पहली फ्लाइट से 284 और दोपहर 3:05 बजे दूसरी फ्लाइट से 278 यात्री जाएंगे। अमौसी एयरपोर्ट पर इस बार यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण सऊदी एयरलाइन की 45 उड़ानें संचालित करेगी।
सऊदी अरब के मदीना के लिए लखनऊ से हज यात्रियों के जाने का सिलसिला रविवार से शुरू हो गया। पहले दिन 562 हज यात्री रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे पहली फ्लाइट से 284 और दोपहर 3:05 बजे दूसरी फ्लाइट से 278 यात्री जाएंगे। अमौसी एयरपोर्ट पर इस बार यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण सऊदी एयरलाइन की 45 उड़ानें संचालित करेगी।
सरोजनीनगर स्थित हज हाउस से हज यात्रियों को सुबह आठ बजे अमौसी एयरपोर्ट भेजा गया। इनमें लखनऊ और बाराबंकी के यात्री होंगे। पहली फ्लाइट से 147 पुरुष और 137 महिलाएं रवाना होंगी। दूसरी उड़ान में 149 पुरुष और 129 महिलाएं सफर करेंगी। पहले जत्थे को यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ और हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी और उलमा रवाना करेंगे। हज हाउस के जिम्मेदारों के मुताबिक सुबह फज्र अल (सुबह) की नमाज के बाद पहले काफिले को रवाना करने की तैयारी शुरू की गई। इसके बाद 6:30 बजे से हज हाउस के हॉल में यात्रियों का इस्तकबाल किया जाएगा।
परेशान हुए यात्री
लखनऊ के मुश्ताक के अनुसार हज समिति की तरफ से मिलने वाली अटैची के लिए भटकते रहे लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं, दूसरे जिलों के यात्रियों को छोड़ने के परिवारीजन भी आते हैं। हज हाउस में यात्री के साथ केवल एक तीमारदार को जाने की अनुमति मिलती है। ऐसे में तमाम लोग हज हाउस के बाहर जमीन पर चादर, चटाई बिछाकर बैठने को विवश हुए।
तेज धूप से बचने के इंतजाम तो दूर पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। वहीं, जिम्मेदारों के मुताबिक हज हाउस में 1500 यात्रियों और उनके तीमारदार के ठहरने की व्यवस्था करवाई गई है। 20 बेड का अस्थायी अस्पताल भी बनाया गया है।