यूपी को मिले 795 अफसर, सीएम योगी ने 11 विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र
ये नियुक्तियां चिकित्सा अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विपणन निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक चकबंदी अधिकारी, सहायक उद्यान निरीक्षक, अपर जिला सूचना अधिकारी और कनिष्ठ सहायकों की हुईं हैं।
मिशन रोजगार के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अलग-अलग विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस तरह यूपी को 795 नए अफसर मिले हैं। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार इस कदर था कि जो योग्य नहीं था, वो आयोग का अध्यक्ष होता था। आज उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां परीक्षा के पहले ही मुन्नाभाई जैसे सॉल्वर उठा लिए जाते है।
आज उत्तर प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदली है
सीएम योगी ने कहा कि आप सभी चयनित युवा कार्मिकों का अभिनंदन करता हूं। उत्तर प्रदेश मे कार्य करना एक गौरव की बात है, ये माना जाता है, जिसने यहां कार्य किया। वह देश में कही भी कार्य कर सकता है, ये कार्मिक की धारणा है। उत्तर प्रदेश में शासन की नीतियों के आधार पर कार्य करना बड़ी जिम्मेदारी होती है। शासन की छवि कार्मिकों के आचरण से ही मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि हमारी टीम ने केंद्र और राज्य के योजनाओं को धरातल पर शत प्रतिशत उतारने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य किया। इससे उत्तर प्रदेश के विकास की गति तेज हुई। आज उत्तर प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदली है। उत्तर प्रदेश आज उदाहरण है। आपकी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि आपने इस सरकार के समय आवेदन किया। कोई सिफारिश नहीं करनी पड़ी। आज आपको नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति विभाग ने आपको कॉल करके बुलाया। अगर शासन की नियत मे खोट हो, भ्रष्टाचार का बोलबाला हो तो कुछ नहीं किया जा सकता।
हमने 1.64 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की
उन्होंने कहा कि हमने जब 2017 मे शासन संभाला तब सरकारी पद खाली पड़े थे। एक लाख 64 हजार पुलिसकर्मी की भर्ती हुई। सपा शासन में PAC की 54 कंपनियां खत्म कर दी गयी थी। पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार इस कदर था कि जो योग्य नहीं था, वो आयोग का अध्यक्ष होता था। आज उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जहां परीक्षा के पहले ही मुन्नाभाई जैसे सॉल्वर उठा लिए जाते है।
ये नियुक्तियां चिकित्सा अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विपणन निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक चकबंदी अधिकारी, सहायक उद्यान निरीक्षक, अपर जिला सूचना अधिकारी और कनिष्ठ सहायकों की हुईं हैं।
हमारे कृषि उत्पादन आयुक्त और मुख्य सचिव रोल मॉडल
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशन पर ये मिशन रोजगार की प्रक्रिया चल रही है। हमारे मुख्य सचिव पिछले 39 वर्षो से लगातार प्रशसनिक कार्य कर रहे है, ये उदाहरण है कि जिससे सरकारी कार्यकुशलता पता चलती है। इसी तरह कृषि उत्पादन आयुक्त भी 35 वर्ष से लगातार कार्य कर रहे है। ये हमारे प्रशासन के अधिकारी युवाओ के रोल मॉडल है, आप इनसे सीखिए।
योगी ने कहा कि व्यक्ति तभी आगे बढ़ पाता है, जब उसके कार्य मे ईमानदारी हो। आपको भी एक लम्बी दूरी तय करनी है। इसके लिए आपको भी ईमानदारी निष्ठा से कार्य करना होगा। आपको शासन जहां भेजे, वहां पूरी निष्ठा से काम करना होगा। ट्रांसफर-पोस्टिंग से बचना होगा।