मायावती का सोनिया गांधी पर उमड़ा प्यार, कहा- जल्दी ठीक हो जाएं आप, कश्मीर में हत्याओं पर जताई चिंता
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कोरोना संक्रमित कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर कामना की है। साथ ही उन्होंने ने जम्मू कश्मीर में हो रही हत्याओं पर चिंता जाहिर की है।
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बाद अब उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। प्रियंका ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोनिया गांधी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना की है। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही हत्याओं पर दुख जताते हुए केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्विटर पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के कोरोना से पीड़ित होने की खबर पता चली है। ऐसे में उनके अति-शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना करती हूं। वहीं सोनिया गांधी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी सहित देश के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर दी जानकारी
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी देते हुए ट्वीट कर संपर्क में आए लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने और टेस्ट कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि हल्के लक्षणों के साथ मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है।
लखनऊ के दौरे पर आई थीं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दो दिन के लिए पार्टी कार्यालय पर आयोजित चिंतन शिविर कार्यक्रम को लेकर लखनऊ पहुंची थी। लेकिन बुधवार देर रात को ही दिल्ली लौट गई थी। अब लखनऊ में भी उनके कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया है।
जम्मू कश्मीर के हालात में जताई चिंता
जम्मू कश्मीर की घटना को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा कि जम्मू-कश्मीर में आए दिन निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं। अभी हाल ही वहां राजस्थान के निवासी बैंक मैनेजर की हुई है। इससे वहां दहशत का माहौल हो गया है। केंद्र सरकार ऐसे दोषी तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें।