पूरी बेलते, जलेबी बनाते और मां की चरणों में नतमस्तक... बागेश्वर धाम के 'सरकार' का कहां दिखा ये रूप
भाई पर लगे आरोपों की वजह से बागेश्वर धाम सरकार विवादों में हैं। इस बीच धाम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में उनका अलग-अलग रूप देखने को मिला है।
बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham Sarkar) में 121 कन्याओं का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसकी बागडोर बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुद ही संभाल रखी थी। आयोजन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के अलग-अलग रूप देखने को मिले हैं। कार्यक्रम में खाना बना रहीं महिलाओं के बीच जाकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पूरी बेलने लगते हैं। यही नहीं सामूहिक विवाह के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी मां की चरणों में जाकर लोट गए। उनसे आशीर्वाद लिया है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि ये सब कुछ इन्हीं की कृपा से सफल हुआ है।
पूरी बेलते दिखे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
बागेश्वर धाम तीन-चार दिनों से उत्सव जैसा माहौल है। 18 फरवरी को धाम में 121 कन्याओं का सामूहिक विवाह हुआ है। इस विवाह समारोह में देश के कई बड़े संत और सीएम शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे। वहीं, हजारों लोगों के खाने की व्यवस्था की गई थी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तैयारियों का जायजा ले रहे थे। इस दौरान खाना बना रहीं महिलाओं के बीच में बैठ गए और पूरी बेलने लगे।
जलेबी बनाते भी दिखे महाराज
यही नहीं, भंडारे के लिए जिस जगह पर जलेबी बन रही थी, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वहां भी पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने लोगों से बात की। इसके बाद वह जलेबी बनाने लगे। बागेश्वर धाम के ट्विटर हैंडल से उनकी ये तस्वीरें शेयर की गई हैं। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें लोगों को खूब पसंद आ रही हैं।
मां की चरणों में लेटे महाराज
बागेश्वर धाम सरकार के परिवार के लोग कम ही सामने आते हैं। सामूहिक विवाह समारोह के दौरान उनकी मां भी दिखी हैं। बागेश्वर महाराज कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद अपनी मां की चरणों में लेट गए। उन्होंने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है कि यह सब कुछ इन्हीं की कृपा से संपन्न हुआ है।
सामूहिक विवाह में पहुंचे थे सीएम
बागेश्वर धाम में सामूहिक विवाह के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे थे। उन्होंने भी वर-वधू को बधाई दी। इसके साथ ही देश के कई बड़े साधू-संत भी वहां पहुंचे थे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को बधाई दी है। 121 की शादी के बाद उन्हें आश्रम की तरफ से गिफ्ट भी दिया गया गया है।
भाई पर लगे हैं गंभीर आरोप
वहीं, बागेश्वर सरकार के छोटे भाई पर गंभीर आरोप लगे हैं। उनके भाई पर दलितों के साथ मारपीट करने का आरोप है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बागेश्वर महाराज का छोटा भाई कट्ट लहरा रहा है। वहीं, इस विवाद पर बाबा की तरफ से कोई सफाई नहीं आई है।