कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने स्वीकारी हार, नड्डा बोले- रचनात्मक विपक्ष बनकर आवाज बुलंद करेगी BJP
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस किंग मेकर बनकर उभरी है। इसी बीच बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस किंग मेकर बनकर उभरी है। दिल्ली और कर्नाटक समेत देशभर के कांग्रेस कार्यालयों में जश्न मनाया गया। दूसरी तरफ भाजपा ने हार स्वीकार कर ली है।
जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी- नड्डा
इसी कड़ी में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। मैं कर्नाटक भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं।
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी के अगुवाई में लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और आने वाले दिनों में वह रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।
बीजेपी के लिए हार-जीत बड़ी बात नहीं
इससे पहले कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि हम मंजिल तक नहीं पहुंच सके, हार-जीत बीजेपी के लिए बड़ी बात नहीं है। 2 सीट से शुरुआत करने वाली भाजपा आज सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को दुखी होने की आवश्यता नहीं है, हम अपनी हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।
10 साल बाद राज्य में कांग्रेस की लौटी सत्ता
कांग्रेस 10 साल बाद कर्नाटक में अपने दम पर सत्ता में लौटी है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर नवीनतम रुझानों के अनुसार, कांग्रेस ने 136 सीटों पर और भाजपा ने 65 सीटों पर जीत हासिल की है।