कोरोना से जंग अब भी जारी, निजात पाने के करीब पहुंचा देश
भारत में पिछले 24 घंटे में केवल 15,786 नए मामले सामने आए। वहीं, 231 लोगों की मौत हो गई जबकि 18641 लोग कोरोना से ठीक हुए। देश में सक्रिय मामलों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले आठ महीनों में सबसे कम सक्रिय मामले हैं।
भारत कोरोना महामारी को पटखनी देने में लगातार कामयाब हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश में केवल 15,786 नए मामले सामने आए। देश में सक्रिय मामलों की संख्या भी पिछले आठ महीनों में सबसे कम है। वहीं, बीते 24 घंटों में 18641 लोग कोरोना से ठीक हुए जबकि 231 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,41,43,236 हो गई है। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 1,75,745 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.51 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,086 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.16 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। वहीं, कोरोना महामारी से 3,35,14,449 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,53,042 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
वहीं भारत में कोविड-19 टीकों की अब तक दी गई खुराकों की संख्या गुरुवार को 100 करोड़ के पार पहुंच गई और इसी के साथ देश ने कोरोना वायरस के खिलाफ अपने टीकाकरण कार्यक्रम में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। पीएम मोदी ने इस उपलब्धि पर कहा कि 100 करोड़ वैक्सीन डोज केवल एक आंकड़ा नहीं है, ये देश के सामर्थ्य का प्रतिबिंब है। ये उस नए भारत की तस्वीर है, जो कठिन लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करना जानता है और अपने संकल्पों की सिद्धि के लिए परिश्रम का नतीजा है।