प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च की 5G सेवा, बताया- 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति का आगाज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2022) के छठे एडिशन में 5जी सर्विस का शुभारंभ किया। पहले फेज में 13 शहर अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे में 5G कनेक्टिविटी की शुरुआत होगी। इसके बाद 5जी को देश के हर हिस्से में पहुंचाया जाएगा। IMC 2022 कार्यक्रम चार अक्तूबर तक चलने वाला है। IMC 2022 को इसके आधिकारिक एप से भी लाइव देखा जा सकता है। बता दें कि IMC की शुरुआत पहली बार 2017 में की गई थी। पिछले दो साल से IMC का आयोजन वर्चुअल हो रहा था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 5G सर्विस लॉन्च कर दी है। देश में 5G सेवा शुरू होने के बाद संचार क्रांति के एक नए युग की शुरुआत हो गई है। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद समेत देश के 13 शहरों में आज से 5G सर्विस की सेवा उपलब्ध हो गई है। इससे सीम लेस कवरेज, हाई डाटा रेट, लो लेटेंसी और अत्यधिक विश्वसनीय संचार प्रणाली की सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के प्रगति मैदान में 5G सर्विस की लॉन्चिंग कर दी है। इस दौरान पीएम मोदी के साथ दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव, रिलायंस कंपनी के मुकेश अंबानी और भारती एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष सुनील भारती मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने कहा कि नया भारत, टेक्नॉलजी का सिर्फ कन्ज्यूमर बनकर नहीं रहेगा बल्कि भारत उस टेक्नॉलजी के विकास में उसके कार्यान्वयन (implementation) में एक्टिव भूमिका निभाएगा। भविष्य की वायरलेस टेक्नॉलजी को डिजाइन करने में उस से जुड़ी मैन्यूफक्चरिंग में भारत की बड़ी भूमिका होगी।
5G सर्विस देश के द्वार पर नए दौर की दस्तक
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि आज देश की ओर से देश की टेलीकॉम इंडस्ट्री की ओर से 130 करोड़ भारतवासियों को 5G के तौर पर एक शानदार उपहार मिल रहा है। 5G सर्विस देश के द्वार पर नए दौर की दस्तक है। 5G सर्विस अवसरों के अनंत आकाश की शुरुआत है। मैं प्रत्येक भारतवासी को इसके लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
देश के इन 13 शहरों में 5G सर्विस की सेवा शुरू
देश के जिन 13 शहरों में सबसे पहले 5जी सेवा को लॉन्च किया गया है। उनमें दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, कोलकाता, जामनगर, लखनऊ, पुणे जैसे शहर शामिल हैं। इसके दो साल बाद पूरे देश में 5जी सेवा का तेजी से विस्तार किया जाएगा।
दूरसंचार के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज
5G कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज पीएम मोदी भारत में 5जी सर्विस लॉन्च करने वाले हैं। दूरसंचार के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा। टेलीकॉम गेटवे है। यह डिजिटल इंडिया की नींव है। यह हर व्यक्ति तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाने का माध्यम है।