लंदन में बोले राहुल गांधी- बीजेपी ने पूरे देश में केरोसीन छिड़क दिया है, एक चिंगारी से आग भड़क सकती है
राहुल गांधी ने शुक्रवार को कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में 'आइडियाज फॉर इंडिया' सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र, आरएसएस लेकर बीजेपी और चीन के साथ भारत के विवाद पर अपनी राय रखी।
लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आइडियाज ऑफ इंडिया सेमिनार में राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। राहुल ने कहा कि भाजपा देश में ध्रुवीक्ररण का केरोसिन छिड़क रही है। बस आपको एक चिंगारी लगाने की जरूरत है, फिर देश खुद जलने लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत समूचे विपक्ष की लड़ाई सबसे पहले इसे रोकने की है। राहुल ने इस दौरान कांग्रेस के भीतर अंदरुनी कलह की बात भी स्वीकारी। राहुल ने इस दौरान चीन को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा।
राहुल ने कहा- भारत में लोकतंत्र की स्थिति अच्छी नहीं
राहुल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत में अभी लोकतंत्र की स्थिति अच्छी नहीं है। भाजपा के लोगों ने संवैधानिक पदों पर कब्जा कर लिया है। सभी सरकारी संस्थानों में पीछे से लोगों की एंट्री दी जा रही है। हम इन लोगों से लड़ रहे हैं।
क्यों लगातार हार रही है कांग्रेस चुनाव
कांग्रेस की हार और भाजपा की जीत के सवाल पर राहुल ने कहा कि हम लोगों के पास नहीं जा पा रहे हैं। हमें और अधिक आक्रामक रूप से उन 60-70% लोगों के पास जाने की जरूरत है, जो भाजपा को वोट नहीं देते हैं और हमें इसे एक साथ करने की जरूरत है।
कांग्रेस अभी अंदरूनी कलह से जूझ रही है
राहुल गांधी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस अभी अंदरूनी कलह से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि हमें लोग कहते हैं कि भाजपा जैसा काडर आपके पास क्यों नहीं है? मेरा जवाब है कि उनके जैसा काडर अगर होगा, तो हम लोगों का सुनना छोड़ देंगे। कांग्रेस की DNA में यह नहीं है।
सरकार गंभीर नहीं है इकॉनोमिक क्राइसिस पर
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में सरकार इकॉनोमिक क्राइसिस पर गंभीर नहीं है। आप 1991 के नीतियों से अब क्राइसिस को खत्म नहीं कर सकते। मैंने 2012 में मनमोहन सिंह जी से पूछा था, तो उनका जवाब था कि अब हम नए दौर में आ गए हैं, पुरानी नीतियों से काम नहीं होगा। सरकार क्राइसिस से निपटने के लिए कोई पहल नहीं कर रही और ना ही किसी की सुन रही है।
सरकार बात नहीं करना चाहती चीन मुद्दे पर
राहुल ने दावा किया कि रूस जो यूक्रेन में कर रहा है कुछ वैसी ही स्थिति चीन ने लद्दाख में पैदा की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार इस बारे में बात तक नहीं करना चाहती। गांधी के अनुसार, 'चीन की सेनाएं लद्दाख़ और डोकलाम दोनों जगह हैं। राहुल ने कहा कि चीन की तरफ से कहा जा रहा है इन इलाक़ों से भारत का संबंध तो है लेकिन हम नहीं मानते कि यह भूभाग आपका है। उन्होंने आगे कहा मेरी समस्या यह है कि भारत सरकार इस पर कोई बात नहीं करना चाहती।'
एक ही कंपनी के पास सभी एयरपोर्ट, पोर्ट...यह बहुत खतरनाक
राहुल गांधी ने परोक्ष रूप से एक बार फिर देश में चुनिंदा बिजनेस ग्रुप की मोनोपली पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि एक कंपनी के लिए सभी हवाई अड्डों, सभी बंदरगाहों, सभी बुनियादी ढांचे को नियंत्रित करना बहुत खतरनाक है। यह (निजी क्षेत्र का एकाधिकार) इस रूप में कभी अस्तित्व में नहीं रहा। कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता और पूंजी के इतने बड़े केंद्रीकरण के साथ इसका अस्तित्व कभी नहीं रहा।