मूसेवाला जिसे अपना गुरु मानते थे, उस अमेरिकी रैपर की हत्या भी ऐसे ही हुई; दोनों का करियर विवादों में रहा
सिद्धू मूसेवाला अमेरिकन रैपर टूपैक शकूर को अपना गुरु मानते थे। वे उन्हीं की तरह रैप सॉन्ग बनाते थे। ये एक संयोग ही है कि उनकी मौत भी टूपैक की तरह ही हुई।
मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मानसा में रविवार को गोलियां दागकर हत्या कर दी गई। सिद्धू मूसेवाला एक हिप-हॉप कलाकार थे। वे अमेरिकन रैपर टूपैक शकूर को अपना गुरु मानते थे। वे उन्हीं की तरह रैप सॉन्ग बनाते थे। ये एक संयोग ही है कि उनकी मौत भी टूपैक की तरह ही हुई।
मूसेवाला के संगीत की शैली गैंगस्टा हिप-हॉप थी, जो टूपैक की भी संगीत शैली थी। टूपैक अपने गानों में समाजिक मुद्दे और विरोधियों के खिलाफ आक्रामक रहते थे। 1996 में जब टूपैक की हत्या की गई, तो मूसेवाला सिर्फ 3 साल के थे। वे कभी टूपैक से नहीं मिले, लेकिन उनके गीतों का असर हमेशा मूसेवाला के साथ रहा।
विवादों में रहा दोनों का करियर
टूपैक का जन्म अमेरिका के न्यूयॉर्क में 16 जून 1971 में हुआ था। टूपैक का जीवन और उनका म्यूजिक करियर हमेशा विवादों में रहा। 13 सितंबर 1996 को लॉस वेगास की सड़क पर टूपैक की कार पर हमला हुआ और 4 गोलियां दाग कर उनकी हत्या कर दी गई।

टूपैक तब महज 25 साल के थे, जब गैंगवार के चलते उनकी हत्या कर दी गई। वहीं, सिद्धू की हत्या भी कुछ इसी तरह हुई। हमलावरों ने सिद्धू की कार पर हमला किया और 3 गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मूसेवाला महज 29 साल के थे।
अपनी मां के करीब थे दोनों कलाकार

टूपैक अपनी मां के बेहद करीब थे और यही समानता सिद्धू मूसेवाला में भी देखने को मिलती थी। टूपैक की मां अफनी शकूर राजनीतिक कार्यकर्ता थीं और अमेरिकन पॉलिटिकल पार्टी ब्लैक पैंथर की मेंबर थीं। वहीं, सिद्धू की मां चरण कौर ने दिसंबर 2018 में पंजाब के मानसा के गांव मूसा से सरपंच का चुनाव जीता था। 599 वोटों के साथ ही उन्होंने गांव की मनजीत कौर को हराया था।
मूसेवाला के आखिरी गाने में मिलती है टूपैक की झलक
सिद्धू मूसेवाला ने 2 हफ्ते पहले 'द लास्ट राइड' गाना रिलिज किया था। इस गाने में सिद्धू ने अपने म्यूजिक करियर की उपलब्धियों को बताया था। उन्होंने इस गाने में कहा था कि उम्र से दो गुना रुतबा बनाया है। सिद्धू के इस गाने के वीडियो में टूपैक की झलक भी देखने मिलती है। उन्होंने अपने जूते पर टूपैक की फोटो छापी है और उसके साथ 'लेजेंड' लिखा हुआ है।

हिपहॉप म्यूजिक के फैंस पहले भी टूपैक और मूसेवाला को कंपेयर करते रहे हैं। 2 साल पहले सिद्धू के फैंस ने पठानकोट में टूपैक और उनकी पेंटिंग दीवार पर बनाई थी।
मूसेवाला की जिंदगी का अहम हिस्सा थे टूपैक
सिद्धू मूसेवाला अक्सर सोशल मीडिया पर टूपैक शकूर की बोली या लिखी बातें शेयर किया करते थे। टूपैक के जीवन पर बनी फिल्म 'ऑल आइज ऑन मी' 16 जून 2017 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म का एक सीन भी सिद्धू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था।
लॉस एंजिल्स में टूपैक का म्यूजियम 'वेक मी व्हेन आईएम फ्री'

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में टूपैक शकूर के जीवन और उनके म्यूजिक करियर को दिखाने के लिए म्यूजियम बनाया गया है। 'वेक मी व्हेन आईएम फ्री' म्यूजियम को 21 जनवरी 2022 को खोला गया था। इस म्यूजियम में टूपैक की हैंडरिटन लिरिक्स की कॉपी, म्यूजिक वीडियोज में पहने गए कपड़े, म्यूजिक स्टूडियो की मिक्सिंग टेबल और काले रंग के हाथ की मुट्ठी की एक मूर्ति लगाई गई है जो अश्वेतों के हक में दिखाई जाती है।