दिल्ली में भाजपा के पंच परमेश्वर सम्मेलन को जेपी नड्डा ने किया संबोधित, हजारों कार्यकर्ताओं का जुटा सैलाब
दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारी को धार देने के लिए आज भाजपा का पंच परमेश्वर सम्मेलन होने जा रहा है जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। पार्टी का दावा है कि लगभग एक लाख कार्यकर्ता इस सम्मेलन में पहुंचेंगे।
दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारी को धार देने के लिए रामलीला मैदान में आज भाजपा का पंच परमेश्वर सम्मेलन हो रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम लोग भाजपा के कार्यकर्ता भाग्यशाली है कि मोदी जी हमारे शीर्ष नेता हैं। हमारे 18 करोड़ कार्यकर्ता हैं। जब हम आह्वान करेंं तो वो आंदोलन बन जाए यह हमारी ताकत है।
जेपी नड्डा ने कहा कि विजया दशमी के बाद यहां जो उत्साह देख रहा हूं उससे यहां विजय उत्सव का माहौल दिख रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो पार्टियां इतनी बड़ी संख्या में जनसभा नहीं कर पाती है उतनी संख्या में तो हमारे यहां कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हो जाता है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा अकेली पार्टी है जिसका जनाधार है। हमारे 1395 विधायक हैं। 18 राज्यों में हमारी सरकार हैं। 117 महापौर, लाखों वार्ड मेंबर हैं। 2019 में बिहार में जीत दर्ज की और असम, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने पीएम की आयुष्मान योजना का लाभ दिल्ली वालों को नहीं लेने दिया है। कोरोना में दूसरी पार्टियां आइसोलेशन में चली गई, लेकिन भाजपा ने जनसेवा की। आज हम कोरोना से बिना डरे यहां इसलिए आ पाए कि दो टीके मोदी जी ने हमें दिए हैं। रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाना है। एमसीडी में विजय उत्सव दिखने वाला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आयोजन स्थल का लिया जायजा
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता शनिवार को आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को जीत के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की विफलताओं व भ्रष्टाचार की जानकारी दी जाएगी जिससे कि वह जनता को सच्चाई बता सकें। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनकल्याणकारी नीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।