महंगाई पर कांग्रेस की 'हल्ला बोल' रैली, दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर से जुटे कार्यकर्ता
दिल्ली के रामलीला मैदान पर रविवार को कांग्रेस महंगाई को लेकर हल्ला बोल रैली निकाल रही है। इसे लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। साथ ही आज लोगों को राजधानी के कुछ मार्गों से आवाजाही न करने की सलाह दी गई है।
कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आज यानी रविवार को महंगाई पर 'हल्ला बोल रैली' निकाल रही है। इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान के आसपास और राजधानी के अन्य इलाकों सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रविवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई इस रैली को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "हम लगभग एक साल से महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। आज भी महंगाई पर विशाल रैली है। जनता को सबसे ज्यादा चिंता महंगाई की है। खाद्य पदार्थों पर जिस तरह से GST लगाई गई है, उससे महंगाई बढ़ी है। महंगाई के साथ बेरोजगारी भी बढ़ रही है।"
रामलीला मैदान में संबोधित करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कुछ देर में रामलीला मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रैली के लिए रामलीला मैदान में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे हैं। कांग्रेस की ओर से रैली निकालकर महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ विरोध किया जा रहा है। राहुल गांधी के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व छत्तीसगढ़ भूपेष बघेल और अन्य नेता रैली को संबोधित करेंगे।
इससे पहले शनिवार को केसी वेणुगोपाल, जय राम नरेश, अजय माकन, शक्ति सिंह गोहिल सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने रैली स्थल पर पहुंचकर तैयारियों को जायजा लिया।
नेताओं का भाषण सुनने के लिए लगाई गई बड़ी-बड़ी स्क्रीन
इस दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, "राहुल गांधी महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। रामलीला मैदान और आसपास के इलाके को कांग्रेस नेताओं की होर्डिंग और बैनर से सजाया गया है। साथ ही नेताओं के भाषण सुनने में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए मौके पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई है।"
रैली को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
वहीं अनिल चौधरी ने कहा, "रैली को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। कई राज्यों से कार्यकर्ता शनिवार शाम से ही राजधानी पहुंचने लगे हैं। उनकी सहायता के लिए दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर तैनात किया गया है।"