Odisha Cabinet Reshuffle: ओडिशा कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, सूत्रों के मुताबिक कल नए मंत्री लेंगे शपथ
ओडिशा कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने एक बड़े फेरबदल से पहले इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्री रविवार को राजभवन में शपथ ले सकते हैं।
ओडिशा कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने एक बड़े फेरबदल से पहले इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्री रविवार को राजभवन में शपथ ले सकते हैं। ब्रजराजनगर उपचुनाव में बीजू जनता दल की भारी जीत और नवीन पटनायक सरकार के पांचवें कार्यकाल के तीन साल पूरे होने से राज्य मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलें तेज हो गई थी। बीजेडी ने पार्टी उम्मीदवार अलका मोहंती के प्रचार के लिए ब्रजराजनगर में लगभग एक दर्जन मंत्रियों और 25 से अधिक विधायकों को लगाया था।
सूत्रों के मुताबिक नेताओं ने वहां बहुत मेहनत की क्योंकि वे यह भी जानते थे कि फेरबदल के दौरान पार्टी नेतृत्व उनके काम पर विचार कर सकता है। विवादों में घिरे और राज्य सरकार को बदनाम करने वाले मंत्रियों को टीम से निकाले जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक सत्तारूढ़ दल 2024 के आम और विधानसभा चुनावों से पहले दो प्रमुख काम करने वाला है। एक तो मंत्री परिषद में फेरबदल और दूसरा पार्टी संगठन में बड़े पैमाने पर पुनर्गठन किया जा सकता है।
नया मंत्रिमंडल युवा और अनुभवी नेताओं का मेल होगा। सूत्रों के अनुसार, कुछ मंत्रियों को, जिन्हें हटाए जाने की संभावना है, उन्हें 2024 के आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख संगठनात्मक प्रभार दिया जाएगा। सीएम नवीन पटनायक की नई टीम के लिए नए चेहरों को 2024 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए चुना जाएगा क्योंकि कुछ जिलों को कैबिनेट में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। नए कैबिनेट मंत्री कल राजभवन में शपथ ले सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रदीप अमात और लतिका प्रधान को मंत्री पद मिलने की संभावना है।