दिवंगत मुलायम सिंह यादव को आज मिलेगा पद्म विभूषण, डिंपल संग दिल्ली पहुंचेगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को बुधवार को दिया जाने वाला पद्म विभूषण सम्मान उनके पुत्र अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ग्रहण करेंगे। इस सम्मान की घोषणा गणतंत्र दिवस सकी पूर्व संध्या पर हुई थी।
उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री, देश के रक्षा मंत्री, प्रख्यात समाजवादी और धरतीपुत्र के नाम से मशहूर दिवंगत राजनेता मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को बुधवार को पद्मविभूषण (Padma Vibhushan) पुरस्कार से नवाजा जाएगा। समर्थकों के बीच ‘नेताजी’ के नाम से मशहूर मुलायम के बेटे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान ग्रहण करेंगे। इस दौरान उनके साथ पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) भी मौजूद रहेंगी।
बुधवार यानि आज की शाम को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें ये पुरस्कार दिया जाएगा। ये कार्यक्रम शाम पांच बजे तय किया गया है। पद्म विभूषण पुरस्कार लेने के लिए नेताजी के बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। खास बात ये है कि पद्म विभूषण पुरस्कार कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल भी रहेंगी।
मुलायम को भारत रत्न देने की हो चुकी है मांग
मुलायम सिंह यादव की गिनती देश के सबसे कद्दावर ओबीसी नेताओं में होती है। उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े सूबे के कई बार मुख्यमंत्री रहे सपा संस्थापक एक समय प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार थे। यही वजह है कि उनके निधन के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठी थी। उनके भाई शिवपाल यादव और उनकी बहू डिंपल यादव ने नेताजी के कद का जिक्र करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की थी।