बीजेपी ने आजम खान का गढ़ 'रामपुर' छीना, घनश्याम लोधी 42,192 वोटों से विजयी
उपचुनावों की सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। उत्तर प्रदेश में रामपुर में बीजेपी की जीत हो गई है और आजमगढ़ में भी पार्टी आगे है।
देश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे धीरे-धीरे आने लगे हैं। वोटों की गिनती अभी कई जगह जारी है तो कई जगह स्थिति साफ हो गई है। खास सीटों की बात करें तो इसमें उत्तर प्रदेश में रामपुर से बीजेपी के घनश्याम लोधी ने जीत हासिल कर ली है और आजमगढ़ में भी बीजेपी आगे है। पंजाब के संगरूर लोकसभा सीट से सिमरनजीत सिंह जीत गए हैं, यहां आप की हार हुई है। बता दें कि यह सीट भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी। इसके अलावा दिल्ली में आप के दुर्गेश पाठक की जीत हुई है।
रामपुर सीट पर मिली जीत भाजपा सरकार के प्रति जनता के विश्वास की मुहर है- योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामपुर लोकसभा सीट पर उप चुनाव में मिली विजय प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व में जन-कल्याणकारी नीतियों पर डबल इंजन की भाजपा सरकार के प्रति आमजन के विश्वास की मुहर है।
निरहुआ बोले- आजमगढ़ के लोगों के लिए करूंगा काम
आजमगढ़ सीट से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि वह आजमगढ़ के लिए निकल रहे हैं और लोगों के लिए काम करेंगे। बता दें कि चुनाव आयोग के अनुसार वह आजमगढ़ सीट से आगे चल रहे हैं।
उपचुनाव में जीत के बाद अरविंद केजरीवाल से मिले दुर्गेश पाठक
राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक की जीत हुई। दुर्गेश पाठक ने जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
त्रिपुरा उपचुनावों में बीजेपी ने 3 और कांग्रेस ने 1 सीट जीती
त्रिपुरा में हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने तीन विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की और कांग्रेस ने एक पर जीत हासिल की। महत्वपूर्ण टाउन बारदोवाली सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री माणिक साहा ने 6,104 मतों से जीत हासिल की। बीजेपी ने जुबराजनगर और सुरमा पर भी कब्जा किया है। जबकि कांग्रेस ने अगरतला सीट 3163 वोटों से जीती है।