उत्तर प्रदेश : भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का सपाइयों ने लिया संकल्प, आयोजित किए कार्यक्रम
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि देश के सामने जो समस्याएं व चुनौतियां हैं, उनके समाधान का रास्ता सिर्फ समाजवादी विचारधारा के पास ही है।
सपा ने अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से लेकर जिलों तक हुए कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लिया। उधर, सोनभद्र में विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया।
प्रदेश मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के नेता जयप्रकाश नारायण, डॉ. राममनोहर लोहिया, अरुणा आसिफ अली आदि ने अंग्रेजों भारत छोड़ों आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए देश में किसान, मजदूर और युवाओं का राज स्थापित कराया।
मगर बदलते परिवेश में संविधान खतरे में पड़ गया है। ऐसे में समाजवादी ताकतों को एकजुट होकर नई क्रांति की शुरुआत करनी होगी। यह क्रांति भाजपा को सत्ता से बेदखल कर समाजवादी सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके मूल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई संबंध नहीं था। लखनऊ में काकोरी शहीद स्मारक का आयोजन भाजपा का ढोंग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि देश के सामने जो समस्याएं व चुनौतियां हैं, उनके समाधान का रास्ता सिर्फ समाजवादी विचारधारा के पास ही है।
आदिवासियों के लिए संघर्ष करेगी पार्टी
उधर, सोनभद्र में सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की मौजूदगी में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में जल, जंगल और जमीन का मुद्दा उठा। इसमें तय किया गया कि आदिवासियों के हक के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
कानपुर में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप की अगुवाई में अगस्त क्रांति दिवस मनाया गया। इसी तरह अन्य जिलों में भी विभिन्न कार्यक्रम हुए।