सीतापुर: मधुमक्खियों से बचने को भाग रहा किसान कुएं में गिरा, मौत
गन्ना छीलने के लिए जाते समय मधुमक्खियों ने किया हमला, बिसवां की घटना
सीतापुर। कोतवाली बिसवां इलाके में शनिवार को खेत में गन्ना छीलने गए किसान पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए भाग रहा किसान अचानक खेत में बने कुंए में जा गिरा। घटना की सूचना पाकर परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास कर किसान को कुुंए के बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पुलिस को दे दी गई है। कोतवाली बिसवां इलाके के जंगलविलास मजरा कैमहरा कलां निवासी रामजीवन (55) पुत्र लाल जी शनिवार की सुबह गांव के पूरब अपने खेत मे गन्ना छीलने गए थे। बताया जाता है कि, इसी बीच मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए किसान गन्ने के खेत से भागने लगा। मधुमक्खियों से बचने के लिए किसान भागते समय पास में गया प्रसाद के खेत में बने कुंए में गिर गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और गांव के लोग खेतों में पहुंचे। किसान की काफी देर तक तलाश की गई। तलाश के दौरान कुछ लोगों की नजर कुंए की ओर पड़ी, जहां पर किसान उसके अंदर पड़ा मिला। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। किसान की मौत के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।