बाराबंकी: दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो श्रद्धालुओं ने गवाँइ जान
अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों सोमवार को महादेवा से घर वापस जा रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
बदोसराय थाना क्षेत्र के कोठीडीहा निवासी आशीष सिंह (32) सोमवार भोर करीब तीन बजे गांव से जलाभिषेक के लिए महादेवा गया था। वहां से बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान बदोसराय थाना क्षेत्र में टिकैतनगर मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट टिकैतनगर की तरफ से आ रही अनुबंधित बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार कुछ दूर तक घिसटता चला गया। युवक ने हेलमेट लगा रखा था जो टक्कर लगते ही छिटककर अलग जा गिरा। सिर में गंभीर चोट के अलावा उसका एक पैर भी टूट गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कवायद की, मगर उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक भाग गया। बस को कब्जे में ले लिया गया है।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के जुगईपुर गांव निवासी कोमलचंद्र (30) रविवार की शाम अपनी ससुराल सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के रैनी गांव गया था। वहीं से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से श्रद्धालुओं को लेकर रात में महादेवा गया था। ग्रामीणों के अनुसार कोमलचंद्र ट्रैक्टर-ट्राॅली में बने बॉक्स पर बैठा था। सोमवार भोर ट्रैक्टर लौट रहा था, तभी महादेवा-सूरतगंज मार्ग पर सूरतगंज के पास कोमलचंद्र ट्रॉली के नीचे आ गिरा और ट्राॅली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। आननफानन ग्रामीण व रिश्तेदार उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता का शव देखकर बिलख पड़े मासूम
बदोसराय थाना क्षेत्र में बस की टक्कर से जान गंवाने वाला कोठीडीहा गांव निवासी आशीष सिंह ग्रेजुएशन करने के बाद खेती करता था। आशीष के दो जुड़वा बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। बड्डूपुर के जगईपुर गांव निवासी कोमलचंद्र भी खेती-किसानी करता था। उसके आठ व सात साल के दो बच्चे हैं। पिता का शव देखकर बच्चे भी बिलख पड़े।