यूपी चुनाव 2022 : विधानसभा चुनाव में ना करें गठबंधन, कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रियंका के सामने रखी बात
प्रियंका ने पीसीसी मुख्यालय पर शाम को जिला व शहर अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक पहुंचाएं। वहीं, पदाधिकारियों ने उनसे कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में किसी दल के साथ गठबंधन नहीं चाहिए। कांग्रेस अकेले लड़कर ज्यादा फायदे में रह सकती है।
प्रियंका ने पीसीसी मुख्यालय पर शाम को जिला व शहर अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि वे कोरोना से मरे लोगों के परिजनों से मिलने उनके घर जाएं। सुख-दुख के साथी बनें। जो दवा वितरण के लिए दी गई थी, उसका समुचित वितरण करें। पुराने कांग्रेसजनों का हालचाल लेते रहें।
प्रियंका ने हर विधानसभा में बूथ पदाधिकारियों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी विधानसभा चुनाव के लिहाज से मजबूत दावेदारों का नाम सुझाएं। पदाधिकारियों के सुझाव पर ही टिकट दिए जाएंगे।
पदाधिकारियों की ओर से कार्यक्रम ज्यादा दिए जाने की बात उठी। कहा कि इसके चलते संगठन विस्तार पर काम नहीं हो पा रहा है। प्रियंका ने इस पर विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टी होने के कारण संगठन और कार्यक्रमों में समन्वय बनाकर काम करना होगा।