कच्ची सड़क और बजबजाती नालियों से नाराज लोगों ने गली में लगाया बैनर, लिखा- यहां वोट मांगने न आएं
नगर निगम ने पॉश कालोनियों के मार्ग को चमका कर वाहवाही बटोरने का काम तो कर लिया है। लेकिन घनी आबादी में विकास के नाम पर ठेंगा दिखा दिया है। जिसका आक्रोश वोट मांगने वालों पर फूटने लगा है। मुहल्ले के लोग गंदगी पानी रोशनी की समस्या से परेशान हैं।
पिछले दिनों हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास के तमाम दावे किए गए थे लेकिन, अब लोगों ने वोट मांगने आने वाले प्रत्याशियों के आने पर ही पाबंदी लगा दी है। कृष्ण कालोनी गली नंबर तीन में समस्याओं से आजिज आए लोगों ने फ्लेक्सी टांग दी है कि कृपया यहां कोई वोट मांगने न आए। गली की सफाई नहीं होती। सड़क का निर्माण नहीं हुआ। नालियां गंदगी से बजबजा रहीं हैं। नगर निगम ने पॉश कालोनियों के मार्ग को चमका कर वाहवाही बटोरने का काम तो कर लिया है। लेकिन घनी आबादी में विकास के नाम पर ठेंगा दिखा दिया है। जिसका आक्रोश वोट मांगने वालों पर फूटने लगा है। मुहल्ले के लोग गंदगी, पानी, रोशनी की समस्या से परेशान हैं।
हिमगिरी कालोनी में सड़कों पर कचरा
हिमगिरी कालोनी वार्ड आठ में कचरा फैला है। यहां कूड़ेदान तक नहीं रखवाए गए। लोग कूड़े की दुर्गंध से परेशान हैं। शिव मंदिर के पास कूड़ा फैला रहता है। राहुल कुमार ने बताया कि कूड़ा फैलने से लोग परेशान हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। प्रियंका रस्तोगी बोलीं की साफ सफाई नहीं होने से हम लोगों को संक्रमण का शिकार होना पड़ता है।
वार्ड 33 में सड़कें बदहाल
नगर निगम के वार्ड 33, 12 में बदहाल सड़कें हैं। गंदगी और पेयजल व्यवस्था पूरी तरह खराब है। कूड़ा उठाने वाले सफाई करने वाले कर्मचारी नहीं हैं। सीवर लाइन की कनेक्टिविटी नहीं है। स्मार्ट सिटी के तमाम वार्ड ऐसे हैं जहां गंदगी के अंबार लगे हैं। गोविंद नगर से शिवपुरी के बीच वाले क्षेत्र में समस्याओं का अंबार है।
सफाई इंस्पेक्टर बोले, कराई जा रही सफाई
बीच सड़क पर ट्रांसफार्मर हटाया नहीं गया है। 22 हजार मतदाता की आबादी वाले क्षेत्र में सड़कें बदहाल हैं। वार्ड 33 के बार्डर की सड़क अधूरी पड़ी है। सफाई इंस्पेक्टर हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि गंदगी को लेकर इस कालोनी की समस्या की सूचना मिली थी। क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों को भेजकर निस्तारण कराया जा रहा है।