जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की समीक्षा बैठक, 2024 तक सभी घरों तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए दिए दिशा निर्देश
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रयागराज में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रयागराज में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है। बैठक के दौरान खेतों में समय से किसानों को पानी मिले, इसको लेकर अधिकारियों को समय से कार्योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 2024 तक जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों तक स्वच्छ जल पहुंचे, इसको लेकर भी जरूरी कार्योजना तैयार करने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसानों की आने वाली रबी की फसलों को समय से पानी मिले, इसके लिए नहरों की साफ सफाई के साथ ही किसानों के खेतो तक आसानी से पानी पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को रणनीति तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। किसानों की फसलों को लेकर जो भी जरूरी लाभकारी योजनाएं हैं, उसको धरातल पर हर हाल में लागू किया जाए, इसके लिए अगर जरूरत पड़े तो किसानों से संवाद भी स्थापित किया जाए। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि सूबे की सरकार प्रदेश के किसानों को उनकी फसलों को समय से पानी मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
वहीं संगम क्षेत्र में बाढ़ का पानी होने के चलते माघ मेला 2023 की तैयारियां पिछड़ने पर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अधिकारियों को इससे भी निपटने के जरूरी निर्देश दिए गए हैं। प्रकृति से कोई नहीं लड़ सकता है, लेकिन जैसे ही माघ मेला क्षेत्र से घाट का पानी घटेगा, तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी जाएंगी। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया है कि हर हाल में माघ मेला समय से शुरू होगा। पहले की तरह दिव्य और भव्य भी होगा। उन्होंने कहा कि 2025 महाकुंभ तक गंगा में गिरने वाले सभी नालों को स्थाई रूप से बंद करने की योजना भी तैयार की जा रही है। गंगा को पूरी तरह से निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास सरकार के स्तर से किया जा रहा है।